‘बेस्ट सोशल मीडिया क्रिएटर ऑफ द डिस्ट्रिक्ट’ अवार्ड से विभूषित हुए स्पर्श सिन्हा
लखीमपुर-खीरी। कहा जाता है कि यदि सपनों को मेहनत का सहारा मिल जाए, तो छोटे शहरों की गलियां भी बड़े मुकामों की राह बन जाती हैं। लखीमपुर खीरी के होनहार युवा स्पर्श सिन्हा ने इस कहावत को चरितार्थ कर दिखाया है। अपनी प्रतिभा, निरंतर परिश्रम और जनहित के प्रति समर्पित सोच के बल पर उन्होंने वह पहचान बनाई है, जिस पर आज पूरा जनपद गर्व कर रहा है। ग्रेटर नोएडा में आयोजित नमस्कार फाउंडेशन के भव्य सम्मान समारोह में स्पर्श सिन्हा को 'बेस्ट सोशल मीडिया क्रिएटर ऑफ द डिस्ट्रिक्ट' अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की गरिमामयी उपस्थिति में इसरो वैज्ञानिक एवं चंद्रयान सैटेलाइट परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर अभिषेक सिंह द्वारा प्रदान किया गया।
यह सम्मान केवल एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि उस युवा की अथक मेहनत, रचनात्मक सोच और समाज के प्रति जिम्मेदारी का सार्वजनिक सम्मान है, जिसने सोशल मीडिया को केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि जनजागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त मंच बनाया। स्पर्श सिन्हा वर्तमान में Vloger Sparsh News Network सहित अनेक डिजिटल प्लेटफॉर्म का सफल संचालन कर रहे हैं। उनके द्वारा तैयार किए जाने वाले वीडियो और जनहित से जुड़े कंटेंट को करोड़ों लोग देख चुके हैं।
सामाजिक मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रेरणादायक घटनाओं और जागरूकता से जुड़े विषयों को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की उनकी शैली ने उन्हें लाखों लोगों के बीच लोकप्रिय बनाया है। स्पर्श की सफलता का सबसे मजबूत आधार उनके माता-पिता का आशीर्वाद, परिवार का विश्वास और जनता का अपार प्रेम एवं समर्थन रहा है। सीमित संसाधनों से शुरू हुआ यह सफर आज प्रदेश स्तर की पहचान में बदल चुका है। उन्होंने यह सिद्ध किया है कि यदि उद्देश्य समाजहित हो और संकल्प मजबूत हो, तो सफलता स्वयं कदम चूमती है। सोशल मीडिया क्रिएटर होने के साथ-साथ स्पर्श सिन्हा प्रदेश स्तर की युवा पत्रकारिता से भी सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।
वर्तमान में वे राजधानी लखनऊ में रहकर पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में अपनी सार्थक भूमिका निभा रहे हैं तथा निष्पक्ष, सकारात्मक और जागरूकता आधारित पत्रकारिता को नई दिशा देने का प्रयास कर रहे हैं। स्पर्श सिन्हा की यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि लखीमपुर खीरी की युवा शक्ति की क्षमता का भी प्रतीक है। यह सम्मान जिले के हजारों युवाओं को यह संदेश देता है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती; यदि मेहनत, ईमानदारी और समाज के प्रति संवेदनशीलता साथ हो, तो हर सपना साकार हो सकता है। आज जनपद खीरी अपने इस होनहार सपूत की सफलता पर गर्व महसूस कर रहा है। स्पर्श सिन्हा की यह उपलब्धि निश्चित रूप से आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का दीपक बनेगी और अनेक युवाओं को अपने सपनों को साकार करने का साहस देगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments