Breaking

गुरुवार, 5 नवंबर 2026

सेंट जॉन्स को-एड स्कूल के वार्षिकोत्सव का रंगारंग आगाज, नन्हे सितारों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों तक ने बिखेरी प्रतिभा की चमक

सेंट जॉन्स को-एड स्कूल के वार्षिकोत्सव का रंगारंग आगाज, नन्हे सितारों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों तक ने बिखेरी प्रतिभा की चमक; मेधावियों को छात्रवृत्ति और पुरस्कारों से नवाजा

लखीमपुर। शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि प्रतिभाओं को निखारने, संस्कारों को संवारने और आत्मविश्वास के साथ जीवन के मंच पर आगे बढ़ने का सशक्त आधार भी है। इसी उद्देश्य को साकार करता नजर आया सेंट जॉन्स को-एड स्कूल का वार्षिक समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम, जिसका प्रथम दिवस 4 नवंबर 2026 को हर्षोल्लास, उमंग और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच भव्यता के साथ संपन्न हुआ।
विद्यालय परिसर का आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगे गुब्बारों और मनमोहक प्रकाश व्यवस्था से सुसज्जित सभागार समारोह की गरिमा को चार चांद लगा रहा था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अनुपम लाल सहित रॉबिन डिसूजा, जीन इनिस, रोजर रेबिएरो, संदेश और टायरिल जेम्स की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह का सबसे आकर्षक पक्ष प्री-नर्सरी से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों की बहुआयामी प्रतिभाओं का प्रदर्शन रहा। नन्हे बच्चों की मासूम अदाओं से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों की परिपक्व प्रस्तुतियों तक हर कार्यक्रम ने दर्शकों का मन मोह लिया। शास्त्रीय नृत्य की मनोहारी मुद्राओं, ऊर्जावान सामूहिक नृत्यों, मधुर संगीत प्रस्तुतियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े संदेशपरक नाटकों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से न केवल कला और संस्कृति की सुंदर छटा बिखेरी, बल्कि महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश देकर अपनी रचनात्मक सोच का भी परिचय दिया।
समारोह में प्रधानाचार्य रयान इनिस ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों में विद्यार्थियों की उपलब्धियों और विद्यालय की प्रगति का उल्लेख किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विशेष रूप से प्रधानाचार्य द्वारा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान करना समारोह का अत्यंत प्रेरणादायी और भावुक कर देने वाला क्षण रहा। इस पहल ने यह संदेश दिया कि प्रतिभा को केवल पहचानना ही नहीं, बल्कि उसे आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संबल देना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण दायित्व है।
विद्यालय के विभिन्न हाउसों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विजेता ग्रीन हाउस को विजेता शील्ड प्रदान की गई। वहीं अंग्रेजी एवं गणित विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आव्या श्रीवास्तव को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और अभिभावकों की आंखों में गर्व की चमक देखते ही बन रही थी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने यह साबित किया कि विद्यालय का मंच केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की प्रयोगशाला भी है। मंच पर प्रस्तुति देने से बच्चों के भीतर छिपा संकोच दूर होता है, आत्मविश्वास विकसित होता है और सामूहिक प्रयासों से टीमवर्क की भावना मजबूत होती है। प्रत्येक प्रस्तुति में विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों का मार्गदर्शन और अभिभावकों का सहयोग स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की मुक्तकंठ से सराहना की। उनका कहना था कि नैनी क्षेत्र में सेंट जॉन्स को-एड स्कूल अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। विद्यालय विद्यार्थियों के हितों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से कभी समझौता नहीं करता, बल्कि उनके शैक्षणिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और व्यक्तित्व संबंधी सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहता है।
शिक्षकों और सहयोगियों की मेहनत को मिला सम्मान
इस अवसर पर विद्यालय के मीडिया प्रभारी को भी सम्मानित किया गया। आयोजन की सफलता में विद्यालय के समर्पित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इनमें रत्ना गुप्ता, डीओन रेबेरो, एमबी जोहरी, बैशाखी, नलिनी शुक्ला, माया शर्मा, अजय नायक, अनवर खान, आनंद द्विवेदी, हिमांशु, नवीन, कुशवाहा, सोनिका, अमित रॉय, शहबाज, राकेश, मर्सी, अंजलि रॉय, रमेश और रॉबिन सहित समस्त विद्यालय परिवार का योगदान सराहनीय रहा।
प्रधानाचार्य रयान इनिस ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, माता-पिता, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में अभिभावकों द्वारा दिए गए निरंतर सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।
शिक्षा के साथ संस्कार और प्रतिभा का संगम बना समारोह
सेंट जॉन्स को-एड स्कूल का यह आयोजन इस बात का जीवंत प्रमाण बना कि जब शिक्षा के साथ कला, संस्कृति, अनुशासन और प्रोत्साहन का संगम होता है, तब विद्यार्थियों की प्रतिभाएं नई ऊंचाइयों को छूती हैं। एक ओर जहां बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीता, वहीं दूसरी ओर मेधावियों को पुरस्कार और आर्थिक सहायता देकर विद्यालय प्रबंधन ने उनके सपनों को नई उड़ान देने का सराहनीय प्रयास किया।
निस्संदेह, वार्षिक समारोह का प्रथम दिवस विद्यार्थियों की उपलब्धियों, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के विश्वास का उत्सव बनकर यादगार रहा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments