Breaking

शुक्रवार, 19 जून 2026

Lmp. एक हस्ताक्षर, एक संकल्प से 'एक प्रयास' ने जगाई नशामुक्त भारत की चेतना

🔘 एक हस्ताक्षर, एक संकल्प से 'एक प्रयास' ने जगाई नशामुक्त भारत की चेतना

लखीमपुर खीरी। समाज तभी सशक्त बनता है, जब उसकी युवा शक्ति नशे की बेड़ियों से मुक्त होकर जागरूकता, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवन की राह चुनती है।

 इसी उद्देश्य को साकार करने के लिए एक प्रयास नशा मुक्ति केंद्र, अंदेश नगर, भीरा-पलिया रोड, लखीमपुर खीरी में 'नशामुक्त भारत अभियान' के अंतर्गत एक प्रेरणादायी नशामुक्त हस्ताक्षर अभियान एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

केंद्र की संचालिका सीमा वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में मरीजों एवं उपस्थित नागरिकों ने नशामुक्त भारत के संकल्प-पत्र पर हस्ताक्षर कर यह संदेश दिया कि नशे के विरुद्ध संघर्ष केवल सरकार का नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। कार्यक्रम के दौरान लोगों को नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जागरूकता पंपलेट वितरित कर बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति का स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की खुशियों, आर्थिक स्थिति और सामाजिक सम्मान को भी प्रभावित करता है। साथ ही नशा छोड़ने के दौरान आने वाली चुनौतियों तथा उनसे उबरने के प्रभावी उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

 इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे, अपने परिवार, समाज और विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने नशे की तस्करी, अवैध बिक्री एवं वितरण का विरोध करने तथा ऐसी गतिविधियों की जानकारी प्रशासन तक पहुँचाने का भी संकल्प लिया। साथ ही स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा "एक युद्ध नशे के विरुद्ध" अभियान को जन-जन तक पहुँचाने की शपथ भी ली।

 संचालिका सीमा वर्मा ने कहा कि नशामुक्त जीवन ही स्वस्थ, सुखी और सम्मानपूर्ण भविष्य की आधारशिला है। यदि प्रत्येक नागरिक जागरूक होकर स्वयं से शुरुआत करे, तो नशामुक्त भारत का सपना निश्चित रूप से साकार हो सकता है। यह अभियान केवल हस्ताक्षरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रत्येक सहभागी के मन में एक नई चेतना, नई आशा और समाज को नशामुक्त बनाने का अटूट संकल्प जगाकर एक प्रेरक जनजागरण का संदेश छोड़ गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments