🔘 लखनऊ अग्निकांड में बिसवां के होनहार आदित्य की दर्दनाक मौत
बिसवां ( सीतापुर)। सपनों को नई ऊँचाइयाँ देने के लिए घर से निकला एक युवा, सोमवार को लखनऊ के भीषण अग्निकांड का ऐसा शिकार बना कि उसके अरमानों के साथ-साथ पूरे परिवार की दुनिया ही उजड़ गई। बिसवां के कैथी टोला निवासी अधिवक्ता आलोक श्रीवास्तव के 24 वर्षीय पुत्र आदित्य श्रीवास्तव की लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग भवन में लगी भीषण आग में दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ के अलीगंज सेक्टर-डी स्थित हेड एंड हॉपर्स एनिमेशन एंड गेमिंग जोन में सोमवार दोपहर अचानक आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि एसी का कंप्रेशर फटने के बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते धुएँ का घना गुबार पूरे भवन में फैल गया और वहाँ मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जिसमें 14 छात्रों की मौत हो गई। इसी भवन में मौजूद आदित्य श्रीवास्तव आग और धुएँ के बीच फंस गए। जान बचाने की जद्दोजहद के बीच जहरीले धुएँ ने उनकी साँसों को जकड़ लिया। दम घुटने से वह अचेत होकर गिर पड़े। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जिंदगी नहीं बच सकी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आदित्य के पिता आलोक श्रीवास्तव बिसवां तहसील में अधिवक्ता हैं, जबकि उनकी माता कल्पना श्रीवास्तव प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत हैं। परिवार का होनहार बेटा आदित्य लखनऊ में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ उसी भवन के एक प्रतिष्ठान में नौकरी भी कर रहा था। परिवार को उससे अनेक उम्मीदें थीं, लेकिन एक भयावह हादसे ने उन सभी सपनों को पलभर में राख कर दिया। जैसे ही हादसे की सूचना बिसवां पहुँची, परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजन तत्काल लखनऊ के लिए रवाना हो गए। कैथी टोला से लेकर पूरे बिसवां क्षेत्र में मातम का माहौल है। जिसने भी यह खबर सुनी, उसकी आँखें नम हो गईं। यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़े कर गया है कि भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक और शैक्षणिक भवनों में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम आखिर कितने प्रभावी हैं। एक छोटी सी लापरवाही ने एक युवा की जिंदगी छीन ली और एक परिवार को जीवनभर का ऐसा घाव दे दिया, जो शायद कभी नहीं भर सकेगा। आदित्य की असमय मौत ने बिसवां को स्तब्ध कर दिया है। क्षेत्रवासियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments