Breaking

शनिवार, 27 जून 2026

Delhi. राष्ट्रहित के संकल्प के साथ कायस्थ समाज ने भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व से मांगा उचित प्रतिनिधित्व

🔘 राष्ट्रहित के संकल्प के साथ कायस्थ समाज ने भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व से मांगा उचित प्रतिनिधित्व

नई दिल्ली, 27 जून। लोकतंत्र तभी सशक्त होता है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग की प्रतिभा, अनुभव और योगदान को समान सम्मान एवं अवसर मिले। इसी भावना को स्वर देते हुए अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनूप कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार भेंट कर कायस्थ समाज को राजनीतिक एवं संगठनात्मक स्तर पर उचित प्रतिनिधित्व प्रदान किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई।

बैठक में महासभा के संरक्षक धीरेंद्र प्रताप श्रीवास्तव, वरिष्ठ कार्यकारी अध्यक्ष ब्रिगेडियर अनिल श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने समाज की वर्तमान सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए राष्ट्र निर्माण में कायस्थ समाज की ऐतिहासिक भूमिका को रेखांकित किया। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनूप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ समाज ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आधुनिक भारत के प्रशासन, शिक्षा, साहित्य, न्याय, विज्ञान और सुशासन तक हर क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि यह समाज सदैव राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और सकारात्मक राजनीति का समर्थक रहा है, किंतु वर्तमान समय में सरकार एवं संगठन में समाज को उसकी योग्यता और योगदान के अनुरूप अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है। इससे समाज के युवाओं, बुद्धिजीवियों और सामाजिक संगठनों में स्वाभाविक निराशा का वातावरण बना है। उन्होंने आग्रह किया कि समाज की प्रतिभाओं और अनुभव का राष्ट्रहित में अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए उन्हें उचित अवसर और सम्मानजनक भागीदारी प्रदान की जाए, ताकि कायस्थ समाज पहले से अधिक ऊर्जा और समर्पण के साथ राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभा सके। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि कायस्थ समाज के सम्मान, उत्थान और उचित भागीदारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने समाज के योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में संवाद और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने का विश्वास भी दिलाया।

 बैठक के दौरान यह भी बताया गया कि 23 अगस्त 2026 को Constitution Club of India में नितिन नवीन का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसी अवसर पर "अखिल भारतीय कायस्थ प्रतिभा सम्मान" के अंतर्गत शिक्षा, प्रशासन, साहित्य, विज्ञान, समाजसेवा, कला एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ हासिल करने वाली कायस्थ प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। यह भेंट केवल एक औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता, सम्मानजनक प्रतिनिधित्व और राष्ट्र निर्माण में सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में देखी जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments