Breaking

मंगलवार, 16 जून 2026

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर लखीमपुर-खीरी में सात स्थानों पर होगा नि:शुल्क सामूहिक योगाभ्यास

🔘 अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर लखीमपुर-खीरी में सात स्थानों पर होगा नि:शुल्क सामूहिक योगाभ्यास

जनजागरण डेस्क, लखीमपुर-खीरी। जब जीवन की भागदौड़ शरीर को थका देती है और मन चिंताओं के बोझ तले दबने लगता है, तब योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को नई ऊर्जा, नई दिशा और नया संतुलन देने वाला अमूल्य वरदान बन जाता है। इसी जनकल्याणकारी भावना के साथ भारतीय योग संस्थान (पंजी.) द्वारा 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को जनपद लखीमपुर-खीरी में सात स्थानों पर नि:शुल्क सामूहिक योग साधना का आयोजन किया जा रहा है जिसमें गुरुनानक इंटर कॉलेज योग साधना केंद्र के प्रभारी सेवक सिंह अजमानी, कमल किशोर बरनवाल रहेंगे वहीं महालक्ष्मी राइज मिल में अनिल कुमार वर्मा, आनंदपुर सत्संग भवन में अरविन्द कुमार वर्मा, नेशनल पब्लिक स्कूल में राम टहल वर्मा, ब्लॉक कालोनी में प्रेम पॉल वर्मा, महंत हरि सिंह निर्मल पब्लिक स्कूल में राम बहादुर मित्रा, श्री चित्रगुप्त कायस्थ धर्मशाला में शशिकांत श्रीवास्तव योग साधना केंद्रों के प्रभार का दायित्व संभालेंगे। 

संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारियों संरक्षक सेवक सिंह अजमानी, प्रांतीय प्रधान नरेश चंद्र वर्मा, जिला प्रधान रमेश कुमार वर्मा, जिला संगठन मंत्री अशोक तोलानी, जिला मंत्री शिवराम वर्मा आदि ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे प्रातः 6 बजे अपने निकटतम योग साधना स्थल पर पहुंचकर प्रशिक्षित योग शिक्षकों के मार्गदर्शन में योगाभ्यास करें और स्वस्थ भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। भारतीय योग संस्थान का मानना है कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मबल, मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवन का आधार भी है। नियमित योग से अनेक जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचाव संभव है और व्यक्ति शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक रूप से अधिक सशक्त बनता है। इस अवसर पर संस्थान के पदाधिकारियों ने जनपदवासियों से आग्रह किया कि वे अपने परिवार, मित्रों और पड़ोसियों को भी योग से जोड़ें। उनका संदेश है कि "जब हर घर योग अपनाएगा, तभी स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का सपना साकार होगा।" योग दिवस का यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, जागरूक समाज और सकारात्मक भविष्य की ओर बढ़ता हुआ एक प्रेरणादायी जनआंदोलन है। आइए, हम सभी संकल्प लें कि योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वयं भी स्वस्थ रहें और समाज को भी स्वास्थ्य का संदेश दें। पदाधिकारियों ने आह्वान किया "एक घंटा योग को दीजिए, जीवनभर स्वास्थ्य का उपहार पाइए। आइए, 21 जून की सुबह योग के साथ नए जीवन का स्वागत करें।"

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments