🔘 आंधी-बारिश भी नहीं डिगा सकी योग साधिकाओं का उत्साह, अर्चना श्रीवास्तव पुनः बनीं महिला जिला प्रधान
लखीमपुर खीरी। जब संकल्प मजबूत हो और लक्ष्य समाज के स्वास्थ्य एवं जागरण से जुड़ा हो, तब प्रकृति की चुनौतियाँ भी मार्ग नहीं रोक पातीं। इसी भावना का सजीव उदाहरण आज नेशनल पब्लिक स्कूल में देखने को मिला, जहाँ भारतीय योग संस्थान लखीमपुर खीरी की महिला विंग का चुनाव उत्साह, अनुशासन और संगठनात्मक गरिमा के साथ संपन्न हुआ।
चुनाव अधिकारी प्रांतीय प्रधान नरेश चंद्र वर्मा, प्रांतीय सदस्य राम बहादुर मित्रा तथा संरक्षक सेवक सिंह अजमानी के मार्गदर्शन में आयोजित चुनाव प्रक्रिया में योग साधिकाओं की सर्वसम्मति और विश्वास के आधार पर लोकप्रिय योग साधिका अर्चना श्रीवास्तव को दूसरी बार जिला प्रधान चुना गया। उनके नेतृत्व में गठित नई जिला कार्यकारिणी में कामिनी मिश्रा को जिला मंत्री, सुमन वर्मा को जिला संगठन मंत्री तथा पुष्पा श्रीवास्तव, नीलम त्रिवेदी, डॉ. सुशीला सिंह, प्रीती पुरी, विधु मिश्रा एवं कंचन गिरी को जिला कार्यकारिणी सदस्य के रूप में दायित्व सौंपा गया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि अचानक आई तेज आंधी और बेमौसम बारिश भी योग साधिकाओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद पाँच क्षेत्रों से अपेक्षा से अधिक संख्या में योग साधिकाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए यह संदेश दिया कि योग केवल अभ्यास नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और कर्मयोग का जीवन-दर्शन है। चुनाव स्थल पर उमड़ा उत्साह, संगठन के प्रति निष्ठा और महिलाओं की सक्रिय सहभागिता यह दर्शा रही थी कि भारतीय योग संस्थान जनपद में स्वास्थ्य, संस्कार और सामाजिक चेतना की मजबूत आधारशिला बन चुका है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments