⚫ चित्रगुप्त मंदिर में गूंजा सामाजिक जागरण का स्वर, युवा नेतृत्व और राजनीतिक सहभागिता पर मंथन
सीतापुर. अखिल भारतीय कायस्थ सभा के तत्वावधान में भगवान चित्रगुप्त मंदिर परिसर में “वर्तमान राजनीतिक परिवेश में कायस्थ समाज” विषय पर एक प्रभावशाली विचार गोष्ठी एवं भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ने सामाजिक एकता, राजनीतिक चेतना और युवा नेतृत्व को लेकर समाज में नई ऊर्जा का संचार किया।
कार्यक्रम संयोजक, सिधौली नगर पंचायत पूर्व अध्यक्ष डॉ. अवधेश श्रीवास्तव ने विचार आमंत्रित करते हुए समाज के युवा वर्ग से आगे बढ़कर नेतृत्व संभालने का आह्वान किया। उन्होंने निकट भविष्य में एक भव्य आयोजन कराने की घोषणा भी की, जिसमें फिल्म अभिनेता एवं वरिष्ठ राजनेता Shatrughan Sinha को आमंत्रित किए जाने की बात कही गई।
अखिल भारतीय कायस्थ सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप कुमार श्रीवास्तव के निर्देशानुसार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव ने “के कार्ड” की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी तथा उपस्थित लोगों से के कार्ड निर्माण हेतु आवश्यक विवरण भी एकत्रित किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बार एसोसिएशन अध्यक्ष अक्षय सहाय तथा विशिष्ट अतिथि संतोष श्रीवास्तव रहे। जिला पर्यावरण समिति के शासन द्वारा नामित सदस्य संजीव सक्सेना ने समाज के लोगों से राष्ट्रहित में सक्रिय राजनीति में भागीदारी बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज की बौद्धिक शक्ति को अब निर्णायक भूमिका निभानी होगी।
इस अवसर पर वैदेही श्रीवास्तव, अक्षय सहाय, संतोष श्रीवास्तव, संजीव सक्सेना एवं सी.पी. श्रीवास्तव द्वारा नगर पालिका सीतापुर के पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी ललित श्रीवास्तव ‘चंचल’ का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में आर.के. अस्थाना, अमित सक्सेना, पंकज श्रीवास्तव, अविनाश श्रीवास्तव, विनय सक्सेना एवं शिवचंद सिंह, योगेश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ कायस्थ चिंतक सुभाष चंद्र ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
विचारों, सामाजिक सरोकारों और संगठनात्मक एकजुटता से ओतप्रोत इस आयोजन का समापन सामूहिक भंडारे के साथ हुआ, जहां समाज के लोगों ने एकता और आत्मीयता का संदेश साझा किया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments