Breaking

गुरुवार, 21 मई 2026

ग्रामीण प्रतिभाओं को नई उड़ान देने वाली शिक्षिका पूर्णिमा मिश्रा राज्य स्तरीय सम्मान से अलंकृत

⚫ ग्रामीण प्रतिभाओं को नई उड़ान देने वाली शिक्षिका पूर्णिमा मिश्रा राज्य स्तरीय सम्मान से अलंकृत

जनजागरण डेस्क। शिक्षा केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि वह तब सार्थक बनती है जब एक शिक्षक अपने ज्ञान, समर्पण और संवेदनाओं से बच्चों के भविष्य को नई दिशा देता है। इसी प्रेरणादायी भावना को सम्मानित करने के उद्देश्य से “मिशन शिक्षण संवाद की पढ़ाई से प्रतियोगिता तक” टीम द्वारा वाराणसी पब्लिक स्कूल में 20 मई को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह एवं शैक्षिक संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया।
इस गरिमामय समारोह में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से उन शिक्षकों को सम्मानित किया गया जिन्होंने राष्ट्रीय आय छात्रवृत्ति परीक्षा, नवोदय विद्यालय, निष्ठा एवं अटल आवासीय विद्यालय जैसी महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षाओं में विद्यार्थियों को उत्कृष्ट मार्गदर्शन देकर सफलता दिलाई। साथ ही ऐसे शिक्षकों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया जो ग्रामीण अंचलों के बच्चों के लिए अध्ययन सामग्री तैयार कर, शैक्षिक वीडियो बनाकर, ऑनलाइन शिक्षण और टेस्ट पेपर्स के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की सशक्त तैयारी करवा रहे हैं।

 इसी क्रम में लखीमपुर खीरी के संविलियन विद्यालय लखीमपुर देहात की सहायक अध्यापिका पूर्णिमा मिश्रा को अंग्रेजी भाषा में व्याकरण आधारित सरल, सहज और प्रभावशाली शैक्षिक वीडियो तैयार करने के लिए राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। उनके द्वारा तैयार किए गए वीडियो बेसिक शिक्षा के बच्चों में अंग्रेजी भाषा की समझ विकसित करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुए हैं। विशेष रूप से ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों के लिए उनकी शिक्षण शैली आशा, आत्मविश्वास और सफलता का नया द्वार खोल रही है। समारोह में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वाराणसी अनुराग श्रीवास्तव, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त खंड शिक्षा अधिकारी मनोज बोस, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य तथा सहायक शिक्षा निदेशक हेमंत राव ने अपने करकमलों से शिक्षकों को सम्मानित किया। 

मंच से वक्ताओं ने कहा कि ऐसे समर्पित शिक्षक ही शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक शक्ति हैं, जो सीमित संसाधनों के बीच भी बच्चों के सपनों को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। पूर्णिमा मिश्रा का यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उन हजारों ग्रामीण विद्यार्थियों के सपनों की जीत है जो शिक्षा के माध्यम से अपना भविष्य संवारने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। उनकी उपलब्धि ने लखीमपुर खीरी सहित पूरे शिक्षा जगत को गौरवान्वित किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments