Breaking

गुरुवार, 21 मई 2026

Lmp. मानदेय की आस में चौथे दिन भी सड़कों पर उतरे एनएचएम संविदाकर्मी, 25 मई तक भुगतान न हुआ तो होगी हड़ताल

🔘 मानदेय की आस में चौथे दिन भी सड़कों पर उतरे एनएचएम संविदाकर्मी, 25 मई तक भुगतान न हुआ तो होगी हड़ताल

लखीमपुर खीरी। दो माह से रुके मानदेय की पीड़ा अब आक्रोश में बदलती दिखाई दे रही है। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले एनएचएम संविदा कर्मियों का विरोध प्रदर्शन गुरुवार को लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। हाथों में मांगों की तख्तियां और चेहरों पर चिंता की लकीरें लिए कर्मचारी अपने बकाया मानदेय के शीघ्र भुगतान की मांग को लेकर डटे रहे।

संविदा कर्मचारियों का कहना है कि लगातार दो महीने से वेतन न मिलने के कारण उनके सामने परिवार चलाने तक का संकट खड़ा हो गया है। बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है। इसके बावजूद स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए कर्मचारी लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष विकास श्रीवास्तव ने बताया कि प्रांतीय कार्यकारिणी से सूचना मिली है कि प्रदेश स्तर से सभी जनपदों के लिए दो माह का मानदेय जारी कर दिया गया है। अब जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारियों के खातों में राशि ट्रांसफर कराने की प्रक्रिया में तेजी से जुटे हुए हैं। उन्होंने चेतावनी भरे स्वर में कहा कि यदि आगामी 25 मई तक कर्मचारियों के खातों में मानदेय नहीं पहुंचता, तो प्रांतीय नेतृत्व के निर्देशानुसार सभी संविदा कर्मचारी पूर्ण कार्य बहिष्कार और हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल वेतन का मुद्दा नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के सम्मान और जीवन यापन का प्रश्न है। एनएचएम कर्मियों के लगातार प्रदर्शन से स्वास्थ्य विभाग में भी हलचल तेज हो गई है। कर्मचारियों का कहना है कि वे संघर्ष नहीं, समाधान चाहते हैं, लेकिन यदि उनकी मेहनत का पारिश्रमिक समय पर नहीं मिलेगा तो आंदोलन को और व्यापक रूप देना पड़ेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments