Breaking

शुक्रवार, 27 जनवरी 2023

सम्मान समारोह की आभा से दमका यूपी दिवस, बिखेरी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष / सांसद ने किया समापन

● भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने किया यूपी दिवस का समापन

● गन्ना, कृषि स्टाल ने बिखेरा जलवा, बेसिक शिक्षा को मिला तीसरा स्थान, सम्मानित

● बच्चों ने दी शानदार प्रस्तुति, परफॉरमेंस से प्रभावित लोगों ने दी स्टैंडिंग ओवेशन

लखीमपुर खीरी 26 जनवरी। यूपी दिवस पर जीआईसी ग्राउंड का मंच जहां एक ओर पुरस्कार व सम्मान समारोह की आभा से दमका तो वहीं सांस्कृतिक आयोजनों की छटा के साथ कविताओं की गूंज भी सुनाई दी। गुरुवार शाम उप्र दिवस पर आयोजित तीन दिवसीय उत्सव संपन्न हुआ। 
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सांसद रेखा अरुण वर्मा ने विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष सुनील सिंह के साथ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने दोनों अतिथियों को पुष्पगुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, सांसद रेखा वर्मा ने कहा कि यूपी दिवस पर तीन दिवसीय सफल व भव्य कार्यक्रम पर डीएम-सीडीओ की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। योजनाओ में बेहतरीन प्रदर्शन से पूरे प्रदेश में आज खीरी का डंका बज रहा है। यूपी के लोगों ने कई क्षेत्रों में मिसाल कायम की और सम्मान बढ़ाने का काम किया। डबल इंजन की सरकार ने विकास को जमीन पर उतारने का काम किया। सरकार ने कोविड महामारी को न केवल मात दी बल्कि देश को बचाने का काम किया। आज देश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा। पीएम के नेतृत्व में भारत को जी-20 के अध्यक्षता मिली, तीर्थ स्थलों को कॉरिडोर से जोड़कर विकसित किया जा रहा। सरकार ने गरीबों की चिंता कर उनकी मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा किया। खीरी आवास, शौचालय सहित कई योजनाओं में यूपी में नंबर वन है। सरकार महिलाओं को एनआरएलएम से जोड़कर सशक्त बना रही। निवेश और रोजगार की थीम पर यूपी दिवस आयोजित किया जा रहा है। 
भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यूपी ने काफी तरक्की की। यूपी देश की आस्था है, लोगों का दिल है। युवा के जोश से भरा हुआ यह प्रदेश है। नए भारत का नया उत्तर प्रदेश है। यह सब उत्तर प्रदेश की जनता के कारण ही हुआ है। डीएम ने कहा कि यूपी दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में आज जो प्रस्तुतियां हुई हैं वह विद्यार्थियों के तपस्या की देन है। सभी प्रतिभागियों में एक अलग कलाकार देखने को मिला है। डीएम ने यूपी दिवस की शुभकामनाएं देकर जनपद वासियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। सीडीओ के नेतृत्व में सभी अफसरों ने बेहतरीन कार्य किया, सभी प्रशंसा के पात्र हैं।

जनजाति कार्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिता में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय सौनहा सत्र 2022 के विद्यार्थी राहुल राना प्रथम, सिद्धांत राना द्वितीय, अमन कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त करने पर विद्यालय, जनजाति क्षेत्र जनपद व राज्य को गौरवान्वित किये जाने पर पुरस्कृत किया। सांसद रेखा वर्मा ने तीनों होनहार बच्चों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। पलिया ब्लॉक के परिषदीय विद्यालय के शिक्षक रूप किशोर ने अपने साथ अन्य कई लोगों की जान बचाई, इस पर उन्हें सम्मानित किया गया।
यूपी दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों के श्रंखला के अंतिम दिन गणतंत्र दिवस पर स्कॉलर वर्ल्ड स्कूल के बच्चों ने जवानों के परिवारों और देश की सेवा में उनके योगदान को याद करते हुए देशभक्ति से ओतप्रोत एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। परफॉरमेंस से प्रभावित होकर सभी लोगों ने उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन दी। बेसिक शिक्षा परिषद के एक्सीलरेटेड लर्निंग कैंप कि दिव्यांग छात्राओं ने भी मनमोहक प्रस्तुति दी। इस पर सांसद रेखा वर्मा ने दोनों सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 2500-2500 की नकद धनराशि प्रदान की।

गन्ना, कृषि स्टाल ने बिखेरा जलवा, बेसिक शिक्षा को मिला तीसरा स्थान, सम्मानित

यूपी दिवस पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के अंतिम दिन भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी, स्टाल का अवलोकन कर विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इन स्टालों में गन्ना को प्रथम, कृषि को द्वितीय एवं बेसिक के स्टाल को तृतीय स्थान मिला। सांसद रेखा वर्मा ने जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, डीएम, सीडीओ के साथ तीनों स्टालों के अफसरो यथा डीसीओ वेद प्रकाश, जिला कृषि अधिकारी अरविंद चौधरी, बीएसए डॉ लक्ष्मीकांत पांडेय को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

सांसद रेखा वर्मा ने 30 दिव्यांग लाभार्थियों को ट्राई साइकिल की सौगात दी। ओडीओपी योजना के तहत लाभार्थी अमिता श्रीवास्तव को गुड इकाई स्थापना हेतु एक करोड़ ऋण स्वीकृत पत्र, पीएमईजीपी योजना के तहत स्वरोजगार के लिए रामनाथ को 10 लाख व श्रीमती मंजू को एक लाख ऋण स्वीकृत पत्र प्रदान किया। पांच प्रगतिशील किसानों, 05 प्रगतिशील गन्ना किसानों को सम्मानित करते हुए किसान संदीप सिंह को फार्म मशीनरी बैंक प्रदान की। प्रधानमंत्री आवास योजना के छह लाभार्थियों को आवास के स्वीकृत पत्र एवं कंबल, दस बीसी सखियों को साड़ी, पांच पारिवारिक लाभ योजना के लाभार्थियों को स्वीकृत पत्र, सहित विभिन्न योजना के लाभार्थियों को कई सौगात दी।

सांसद रेखा वर्मा ने जिलाध्यक्ष सुनील सिंह के साथ
यूपी दिवस के सफल आयोजन, क्रियान्वयन के लिए डीपीआरओ सौम्यशील सिंह, संचालन के लिए बीएसए डॉ लक्ष्मीकांत को सम्मानित किया। यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लखीमपुर कार्यक्रम के सफल आयोजन, अभूतपूर्व निवेश पर उपायुक्त संजय सिंह को पुरस्कृत हुए। जनजातीय क्षेत्र चंदनचौकी में विकास कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन पर पीओ यूके सिंह को सम्मानित हुए। मिशन कायाकल्प में उल्लेखनीय योगदान के लिए ब्लॉक पलिया, निघासन, कुंभी के बीडीओ, बीईओ सम्मानित हुए। पीएम आवास, मनरेगा के लिए उल्लेखनीय योगदान के लिए बीडीओ अरुण सिंह, देवेंद्र सिंह, चंदनदेव पांडेय, नीरज कुमार, प्रदीप चौधरी, धर्मेश पांडेय, पीयूष सिंह, प्रीति तिवारी, आलोक वर्मा, शिखर श्रीवास्तव भी सम्मानित हुए। गौशाला प्रबंधन, टीबी उन्मूलन, स्वच्छ भारत मिशन, शौचालय निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए 04 प्रधान, 04 एडीओ, 05 ग्राम सचिव को सम्मानित किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments