एक बार मैं विद्यालय से निकलकर घर जा रहा था। लगभग डेढ़ सौ मीटर आगे एक बारह या तेरह वर्ष का बालक एक साइकिल पर आलू से भरी बोरी लेकर बाजार जा रहा था। वजन अधिक था, उम्र छोटी किन्तु वह उसे लेकर जाने का प्रयास कर रहा था। बोरी एक ओर झुक गयी और साइकिल गिर गयी। बालक ने उसे उठाने का प्रयास किया किन्तु सफल न हो सका। सहायता के लिए उसने गुजरते हुए राहगीरों से साइकिल उठवाने के लिए कहा किन्तु लोग अनसुना करके निकल गए। तब तक मैं भी नजदीक पहुँच गया किन्तु उसने मुझसे कुछ नहीं कहा। मैंने यह भी कहा कि मैं साइकिल उठवा दूं। उसने सम्मान देते हुए कहा ,"गुरू जी आप रहने दीजिए।" किन्तु मैं जान गया कि यह बालक अकेले इस साइकिल को नहीं उठा पायेगा। उसके मना करने के बावजूद मैं आगे बढ़कर गया और बोरी को उठाया, उसने साइकिल उठा ली और आगे बढ़ चला ।
मैं यह सोंचकर परेशान था कि लोंगो को क्या हो गया है? वे एक बालक की मदद की आवाज को अनसुनी कैसे कर सकते हैं। हमारे देश की संस्कृति इस तरह की नहीं रही है। हमारे देश की संस्कृति तो सहायता करने की रही है । बालक की आवाज को अनसुना करने वालों के हृदय में क्या रहा होगा ? हो सकता है कि वे अपने वस्त्रों के मैले होने से घबरा रहें हो या वे अपने आप को उच्च समझ रहें हों यह भी हो सकता है कि वे अपनी छवि को कम होता महसूस करते किन्तु ये सभी स्थितियां समाज की आदर्श स्थिति प्रस्तुत नहीं कर सकते हैं।
आवश्यकता पड़ने पर उस बालक की सहायता के लिए कोई आगे नहीं बढ़ रहा था तो वह बालक युवा होने पर दूसरों की सहायता के लिए क्यों आगे बढ़ेगा? समाज ने जो उसे सिखाया युवा होने पर वह उसी का पालन करेगा फिर चाहे उसे कोई असभ्य कहे या मतलबी, स्वार्थी कहें या निर्लज्ज। अपनी क्षमता से अधिक वजन उठाना उसकी गलती थी परन्तु बालक, किशोर और युवाओं का यह स्वाभाविक गुण हैं। वे हर कार्य को सहज और सरल समझते हैं। जीवन के ये अनुभव उन्हें कुछ नया सिखाते हैं।
कई बार लोग पद, प्रतिष्ठा, पैसे के अहंकार में दूसरों के सुख दुःख में सहभागिता करना भूल जाते हैं किंतु जब उनके दुःख की घड़ी में कोई सहभागिता नहीं निभाता है तब उनके हृदय में भी चोट लगती है। हमारे क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित व्यक्ति के संबंधी का निधन हो गया उनके यहां कोई भी शोक संवेदना प्रकट करने नहीं पहुंचा। उन्हें यह बात बहुत काट रही थी। उन्होंने अपनी वेदना को एक अन्य व्यक्ति से कहा। अन्य व्यक्ति ने भी इस पर अफसोस जाहिर किया किंतु वे यह नहीं कह सके की जब आप कभी किसी के यहां शोक संवेदना प्रकट करने नहीं गए , किसी की सहायता नहीं की तो आपके यहां कोई कैसे जाएगा।
यदि हम चाहते हैं कि हमारे देश का प्रत्येक युवा एक दूसरे की मदद के लिए सदैव आगे बढ़े तो हमें स्वयं आवश्यकता पड़ने पर दूसरों की मदद करनी चाहिए। हमें अपने पद प्रतिष्ठा मान सम्मान के अहंकार से दूर रहना चाहिए क्योंकि बालक का स्वभाव तभी परिवर्तित होता है जब वह आवश्यकता पड़ने पर अपनी मदद होते हुए देखता है। ठीक यही स्थिति युवाओं की भी होती है। हम यह तो अपेक्षा करते हैं कि समाज के सभी लोग एक दूसरे की मदद करें एक दूसरे के सुख दुख में सहभागिता करें किंतु स्वयं मदद करने से बचना चाहते हैं।
समाज को परिवर्तित करने की जिम्मेदारी शिक्षित युवाओं की है और वह पद प्रतिष्ठा और पैसे के अहंकार से दूर रहते हुए दूसरों की मदद करके समाज के एक नए रूप को अन्य राष्ट्रों के सम्मुख प्रस्तुत कर सकते हैं उनका यह कार्य एक आदर्श राष्ट्र की परिकल्पना को साकार करेगा। समाज के उच्च आदर्श को स्थापित करेगा।
धर्मवीर गुप्ता
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments