Breaking

सोमवार, 6 जुलाई 2026

Lmp. जगन्नाथ रथयात्रा को भव्य बनाने के लिए व्यापारियों ने संभाली सेवा की कमान

⚫ जगन्नाथ रथयात्रा को भव्य बनाने के लिए व्यापारियों ने संभाली सेवा की कमान

लखीमपुर खीरी। भगवान जगन्नाथ की पावन रथयात्रा को भव्य, दिव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से आज इस्कॉन मंदिर में नगर के व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में श्रद्धा, सेवा और सामाजिक सहभागिता का ऐसा भाव देखने को मिला जिसने यह स्पष्ट कर दिया कि इस वर्ष की रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जनसेवा और सामाजिक एकता का विराट उत्सव बनने जा रही है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 17 जुलाई को आयोजित होने वाली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर व्यापारियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क खाने-पीने की सामग्री के स्टॉल लगाए जाएंगे। भीषण गर्मी के बीच सेवा की यह भावना रथयात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण और राहत का केंद्र होगी। रथयात्रा 17 जुलाई को सायं 4 बजे भुईफोरवन नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर संकटा देवी चौराहा, श्रीराम चौक, हीरालाल धर्मशाला, रोडवेज बस अड्डा, गुरु गोविंद सिंह चौक, घंटाघर, अस्पताल रोड, पुनः श्रीराम चौक, मेन रोड, हमदर्द दवाखाना और कचहरी रोड होते हुए रात्रि लगभग 8 बजे बिलोबी हॉल पहुंचेगी, जहां भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा जी की आरती, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों के साथ रथयात्रा का भव्य समापन होगा। बैठक में सेवा स्थलों की व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, प्रसाद वितरण तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सभी व्यापारियों ने अपने-अपने सुझाव देते हुए आयोजन को अनुशासित, सुरक्षित और यादगार बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

 सेवा कार्यों के समन्वय एवं विभिन्न खाद्य-पेय स्टॉलों की संपूर्ण व्यवस्था की जिम्मेदारी मीडिया प्रभारी नूतन मिश्र को सौंपी गई। बैठक में पूर्व प्राचार्य डॉ. डी. एन. मालपानी, समाजसेवी सुरेन्द्र कुमार तोलानी, उमेश शुक्ला, नूतन मिश्र, मनमीत सिंह सहित लगभग डेढ़ दर्जन व्यापारी उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा नगर की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान है तथा इसकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। बैठक का वातावरण श्रद्धा, उत्साह और सेवा भावना से ओत-प्रोत रहा। उपस्थित जनों ने विश्वास व्यक्त किया कि व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं के सामूहिक सहयोग से इस वर्ष की रथयात्रा भव्यता, अनुशासन और जनसेवा का नया कीर्तिमान स्थापित करेगी तथा नगरवासियों के हृदय में आस्था, सद्भाव और मानव सेवा का संदेश और अधिक प्रगाढ़ करेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments