⚫ महेश कुमार पटवारी ने अपनी तस्वीर वाले डाक टिकट से रचा इतिहास
गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर खीरी. जब सपनों में विश्वास हो, जुनून में निरंतरता हो और समाज के लिए कुछ अलग करने का भाव हो, तब इतिहास बनता है। ऐसा ही एक गौरवपूर्ण क्षण उस समय सामने आया, जब नगर के प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता, डाक टिकट संग्रहकर्ता और जनसेवी महेश कुमार पटवारी ने भारत सरकार की केंद्रीय डाकघर “माय स्टांप योजना” के अंतर्गत अपनी तस्वीर वाला आधिकारिक डाक टिकट बनवाकर पूरे जनपद लखीमपुर खीरी का नाम रोशन कर दिया।
महेश कुमार पटवारी जिले के पहले ऐसे नागरिक बन गए हैं, जिन्होंने अपनी फोटो का स्वयं का डाक टिकट बनवाया, जिसे सरकारी मान्यता प्राप्त है और जिसका उपयोग स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री तथा अन्य डाक सेवाओं में लिफाफों पर किया जा सकता है। यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सम्मान है, बल्कि गोला गोकर्णनाथ और पूरे जिले के लिए गौरव का विषय बन गई है। बताया जाता है कि केंद्रीय डाक विभाग द्वारा शुरू की गई “माय स्टांप योजना” के तहत कोई भी नागरिक अपना आधार कार्ड और फोटो देकर मात्र ₹300 शुल्क में अपना डाक टिकट बनवा सकता है। महेश कुमार पटवारी ने इस योजना के अंतर्गत अक्टूबर 2025 में आवेदन किया था, लेकिन तकनीकी कारणों से प्रक्रिया में विलंब होता रहा। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास जारी रखे। अंततः सोमवार 20 अप्रैल को उनका डाक टिकट तैयार होकर आया, जिसमें ₹5 मूल्य के टिकट पर ताजमहल की पृष्ठभूमि के साथ महेश कुमार पटवारी की तस्वीर सुंदरता से अंकित है। यह टिकट न केवल स्मृति है, बल्कि सरकारी उपयोग के लिए पूर्णतः मान्य भी है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि को सम्मान देने के लिए लखीमपुर खीरी मंडल के डाक अधीक्षक सुमनेश कुमार स्वयं गोला गोकर्णनाथ पहुंचे। उनके साथ गोला उपमंडल डाक निरीक्षक अनिमेष राय तथा पोस्ट मास्टर मुकेश यादव भी उपस्थित रहे। तीनों अधिकारियों ने पहली बार जिले में बने इस विशेष डाक टिकट को अपने हाथों से महेश कुमार पटवारी को भेंट किया। यह दृश्य उपस्थित लोगों के लिए अत्यंत भावुक और प्रेरणादायक रहा। इस अवसर पर डाक विभाग के अधिकारियों ने अयोध्या के श्री राम मंदिर पर विभाग द्वारा जारी 6 विशेष डाक टिकटों का सेट भी महेश कुमार पटवारी को भेंट किया। यह सम्मान उनकी वर्षों पुरानी डाक टिकट संग्रह साधना का आदर माना गया। अब शिव मंदिर कॉरिडोर को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की मुहिम, सम्मान ग्रहण करने के बाद महेश कुमार पटवारी ने डाक अधीक्षक सुमनेश कुमार से गोला गोकर्णनाथ के विश्वप्रसिद्ध पौराणिक शिव मंदिर कॉरिडोर पर विशेष डाक टिकट अथवा स्पेशल फोटो कवर जारी करने की मांग रखी। इस पर डाक अधीक्षक ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि डाक टिकट जारी करना जटिल प्रक्रिया हो सकती है, लेकिन शिव मंदिर की तस्वीर वाला स्पेशल कवर जारी कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिव मंदिर कॉरिडोर की दूसरी वर्षगांठ 22 फरवरी तक मुख्यमंत्री या जिलाधिकारी के माध्यम से इसे जारी कराने की कोशिश की जाएगी. महेश कुमार पटवारी बोले भोलेनाथ की महिमा देशभर तक पहुंचाएंगे. महेश कुमार पटवारी ने भावुक स्वर में कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो जनसहयोग से शिव मंदिर कॉरिडोर पर डाक टिकट भी जारी कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहाb"यह केवल एक टिकट नहीं, बल्कि गोला गोकर्णनाथ की पहचान को देशभर तक पहुँचाने का माध्यम है। भोले बाबा की महिमा राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचे, इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।" उन्होंने जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडलों, सामाजिक संस्थाओं और नगरवासियों से इस पुनीत अभियान में सहयोग की अपील भी की. महेश कुमार पटवारी नगर के ऐसे व्यक्तित्व हैं, जिनके पास देश-विदेश के अनेक दुर्लभ और ऐतिहासिक डाक टिकटों का विशाल संग्रह है। वर्षों से वे इस विरासत को संजोए हुए हैं। अब स्वयं अपने नाम का टिकट बनवाकर उन्होंने इस शौक को उपलब्धि में बदल दिया है। इस अवसर पर डाक निरीक्षक श्री अनिमेष राय और पोस्ट मास्टर श्री मुकेश यादव ने बताया कि गोला गोकर्णनाथ में अब किसी भी व्यक्ति की फोटो का डाक टिकट बनवाने की सुविधा उपलब्ध है. इच्छुक नागरिक कार्य अवधि में स्थानीय डाकघर से संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम में राजेश दीक्षित, राहुल सक्सेना, नीतू वर्मा, अभय सिंह, अनिल यादव, सुनील वर्मा, मनोज कुमार सहित अनेक सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे. महेश कुमार पटवारी की यह उपलब्धि बताती है कि यदि किसी व्यक्ति में लगन हो तो सामान्य से दिखने वाले कार्य भी इतिहास बन सकते हैं। यह केवल डाक टिकट नहीं, बल्कि गोला गोकर्णनाथ की पहचान, सामाजिक समर्पण और आत्मगौरव की एक अमिट छाप है।
खबरों एवं विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें 📞 8800127319
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments