लखीमपुर खीरी, 31 जनवरी। मतदाता सूची को त्रुटिरहित और समावेशी बनाने की दिशा में जिले में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान ने शनिवार को नई गति पकड़ ली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित विशेष अभियान दिवस के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने स्वयं मैदान में उतरकर मतदान स्थलों का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की हकीकत मौके पर परखी।
जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने डिप्टी जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह और ईआरओ/उप जिलाधिकारी सदर अश्विनी कुमार सिंह के साथ स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज तथा धर्म सभा इंटर कॉलेज स्थित मतदान स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वह सीधे बीएलओ के हेल्प डेस्क तक पहुंचीं और फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8, संलग्न अभिलेखों तथा निस्तारण की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि 18 वर्ष पूर्ण कर चुके किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन की मौके पर जांच कर आवेदकों को सही मार्गदर्शन दिया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक परेशानियों से बचाया जा सके। डोर-टू-डोर संपर्क, सक्रिय जागरूकता और समयबद्ध निस्तारण पर विशेष बल दिया गया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने मतदाताओं से संवाद कर उन्हें बताया कि नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 और संशोधन हेतु फॉर्म-8 भरा जा सकता है, वहीं ऑनलाइन आवेदन के लिए voters.eci.gov.in तथा सहायता हेतु 1950 हेल्पलाइन उपलब्ध है। डिप्टी डीईओ नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि 02 फरवरी को भी विशेष अभियान दिवस आयोजित होगा, जिसमें सभी बूथों पर बीएलओ पूर्वाह्न 11 से सायं 4 बजे तक मौजूद रहेंगे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments