लखीमपुर खीरी, 31 जनवरी। जनवरी माह में संचालित सड़क सुरक्षा माह का समापन शुक्रवार को अटल सभागार में एक भावनात्मक, प्रेरणादायी और जागरूकता से भरे सम्मान समारोह के साथ हुआ। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा कोई औपचारिक नियम नहीं, बल्कि हर नागरिक की जीवनदायिनी जिम्मेदारी है।
समारोह में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी संतोष गुप्ता, अपर जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम की मौजूदगी में राहवीर योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की जान बचाने वाले सुनील कुमार और अभिषेक को प्रमाण पत्र एवं धनराशि स्वीकृति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उनके साहस और मानवीय संवेदना ने सभागार को तालियों से गूंजा दिया। इसके साथ ही भाषण, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला और सड़क सुरक्षा जागरूकता रील प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान किए गए। बारह सड़क सुरक्षा मित्रों को हेलमेट देकर सुरक्षित भविष्य का संदेश दिया गया। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी एक क्षण की भूल नहीं, बल्कि किसी के जीवन का अंत बन सकती है। हेलमेट, सीट बेल्ट और गति सीमा का पालन जीवन रक्षा का संकल्प है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई और इसे जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का संयोजन शांति भूषण पांडे और अनिल कुमार यादव ने किया। समारोह में शिक्षा, परिवहन, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments