Breaking

मंगलवार, 10 जून 2025

ग्राम चौपाल: आयुक्त ने किया थारू महिलाओं से संवाद, समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

*आयुक्त ने महिलाओं से की बातचीत, योजनाओं का वितरण व हस्तशिल्प केंद्र का निरीक्षण

लखीमपुर खीरी, 10 जून। थारू जनजाति क्षेत्र के ग्राम परसिया में मंगलवार को एक विशेष ग्राम चौपाल का आयोजन आयुक्त डॉ. रोशन जैकब की अध्यक्षता में हुआ। चौपाल में थारू समुदाय विशेषकर महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर स्कूली बालिकाओं को साइकिलें, लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं की सामग्री वितरित की गई, वहीं थारू हस्तशिल्प केन्द्र का भ्रमण कर आयुक्त ने जनजातीय महिलाओं के हुनर की प्रशंसा की।

कार्यक्रम के दौरान थारू महिलाओं ने आयुक्त और डीएम का पारंपरिक वेशभूषा में स्वागत किया। ग्राम चौपाल की अध्यक्षता करते हुए आयुक्त ने वहां उपस्थित महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उन्हें जल्द से जल्द समाधान देने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं का निराकरण जल्द से जल्द किया जाए।

आयुक्त ने इस अवसर पर 25 थारू स्कूली बालिकाओं को साइकिलों का वितरण किया। इसके अलावा, 05 लाभार्थियों को ओडीओपी टूल किट, 05 को आयुष्मान कार्ड, और एनआरएलएम अंतर्गत सीसीएल का चेक प्रदान किया गया। विद्युत सखी और बीसी सखी को भी उनके कार्यों के लिए डिवाइस प्रदान की।

कार्यक्रम में आयुक्त के निर्देश पर ग्राम वासियों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। डीएफओ सौरीस सहाय ने इको टूरिज्म और पर्यावरण संरक्षण की योजनाओं के बारे में बताया, जबकि परियोजना अधिकारी यूके सिंह ने जनजातीय समुदाय के विकास के लिए चलाए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। इसके अलावा, प्रधानाचार्य आईटीआई ने कौशल विकास कार्यक्रम और पर्यटन अधिकारी सुचित्र चौधरी ने पर्यटन विकास योजनाओं पर प्रकाश डाला। उपायुक्त उद्योग उज्जवल कुमार ने ओडीओपी योजना के बारे में बताया और सीएम युवा उद्यमी योजना की जानकारी दी। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अधिकारियों ने भी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और ग्रामीणों से इन योजनाओं का लाभ मिलने के संबंध में हाथ उठाकर पुष्टि भी की।

*थारू महिलाओं ने आयुक्त और डीएम को पहनाया डलवा*
कार्यक्रम के दौरान थारू महिलाओं ने आयुक्त डॉ. रोशन जैकब और डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल को पारंपरिक डलवा पहनाकर उनका स्वागत किया। यह अनोखा स्वागत समारोह जनजातीय संस्कृति और आदर भावना का प्रतीक था।

*आयुक्त ने थारू हस्तशिल्प केन्द्र का किया भ्रमण, सराहा महिलाओं का हुनर*
इसके बाद आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और सीडीओ अभिषेक कुमार के साथ ग्राम बलेरा स्थित एकीकृत जनजाति विकास परियोजना चन्दनचौकी द्वारा संचालित हस्तशिल्प उत्पादन एवं विक्रय केन्द्र का भ्रमण किया। इस दौरान आयुक्त ने थारू जनजाति की महिलाओं से आत्मीय संवाद किया और उनके पारंपरिक और उत्कृष्ट हस्तशिल्प उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने महिलाओं के कार्यों की खुले मन से सराहना की। आयुक्त ने वहां कार्यरत महिलाओं से योगा मैट, पूजा मैट, टेबलमैट जैसे उत्पादों के निर्माण की प्रक्रिया, कच्चे माल की उपलब्धता और प्रशिक्षण की व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस सुश्री मनीषा, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, परियोजना अधिकारी यूके सिंह भी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments