Breaking

शुक्रवार, 24 मई 2024

यूपी में छठवें चरण का मतदान, चुनावी मैदान में मेनका गांधी, निरहुआ समेत कई दिग्गज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के छठवें चरण के लिए 14 लोकसभा सीटों पर शनिवार को मतदान होगा।इनमें से कुछ लोकसभा सीटें ऐसी हैं जो बेहद हॉट सीट हैं।पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी,तृणमूल कांग्रेस के ललितेश पति त्रिपाठी और भोजपुरी फिल्म अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ समेत 162 प्रत्याशियों की तकदीर का फैसला होगा।  इन 14 लोकसभा सीटों पर लोकसभा चुनाव के साथ-साथ बलरामपुर की गैसड़ी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भी 25 मई को मतदान होगा। छठवें चरण में यूपी की 14 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा, इनमें सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अम्बेडकरनगर, श्रावस्‍ती, डुमरियागंज, बस्ती, सन्तकबीर नगर, लालगंज (आरक्षित), आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर (आरक्षित), भदोही तथा विधानसभा उप निर्वाचन क्षेत्र गैंसड़ी शामिल है। इनमें दो सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। 14 लोकसभा सीट पर 146 पुरुष और 16 महिलाओं सहित कुल 162 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जबकि गैसड़ी विधानसभा सीट पर सात प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। सुलतानपुर में भाजपा की मेनका गांधी का सपा के राम भुआल निषाद और बसपा के उदयराज वर्मा से मुकाबला है। 
इलाहाबाद लोकसभा सीट पर पूर्व राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी के बेटे भाजपा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी का मुकाबला इंडिया गठबंधन से कांग्रेस कोटे के प्रत्याशी और पूर्व मंत्री उज्जवल रमण सिंह से है। आजमगढ़ लोकसभा सीट पर निवर्तमान भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ का मुकाबला सपा मुखिया अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव से है। धर्मेंद्र यादव 2022 में इस सीट पर हुए उपचुनाव में निरहुआ से हार गए थे।जौनपुर लोकसभा सीट पर मौजूदा सांसद श्‍याम सिंह यादव को बसपा ने फिर चुनावी मैदान में उतारा है।इनका मुकाबला सपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा और भाजपा के कृपाशंकर सिंह से है। भदोही में भाजपा ने अपने निवर्तमान सांसद रमेश बिंद की जगह विधायक विनोद कुमार बिंद को चुनावी मैदान में उतारा है।विपक्षी दल ने इंडिया गठबंधन ने तृणमूल कांग्रेस के ललितेश पति त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पंडित कमलापति त्रिपाठी की चौथी पीढ़ी के ललितेश मिर्जापुर जिले में कांग्रेस के विधायक रह चुके हैं। डुमरियागंज में भाजपा सांसद और पार्टी प्रत्याशी जगदंबिका पाल का मुकाबला सपा के भीष्मशंकर तिवारी उर्फ कुशल तिवारी से होगा। अंबेडकरनगर में भाजपा के रितेश पांडेय और सपा के पूर्व मंत्री लालजी वर्मा के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है जबकि संतकबीर नगर में भाजपा के मौजूदा सांसद प्रवीण निषाद और सपा के लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद मुकाबले में हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments