Breaking

शुक्रवार, 24 मई 2024

मऊ / तीन कैबिनेट मंत्रियों की एक सीट पर दांव पर लगी प्रतिष्ठा, दिलचस्प होगा मुकाबला

मऊ।उत्तर प्रदेश की घोसी लोकसभा में सातवें फेज में एक जून को चुनाव होगा।जैसे-जैसे चुनाव की तारीख करीब आ रही है, वैसे-वैसे यहां मुकाबला दिलचस्प हो रहा है।घोसी लोकसभा सीट पर कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर,दारा सिंह चौहान और एके शर्मा की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। यहां एनडीए प्रत्याशी सुहेलदेव भारतीय समाज से अरविंद राजभर जीते तो इसका श्रेय सभी लेना चाहेंगे और अगर हारे तो इसका ठिकरा इन्हीं तीनों पर फूटेगा।घोसी से समाजवादी पार्टी से राजीव राय, सुहेलदेव भारतीय समाज से अरविंद राजभर और बहुजन समाज पार्टी से पूर्व सांसद बालकृष्ण चौहान मतदाताओं को अपने पाले में लाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।कैबिनेट मंत्रियों की दांव पर लगी प्रतिष्ठा पर लगी है।
घोसी लोकसभा सीट पर 2019 के लोकसभा चुनाव में बसपा से अतुल राय को 5,73,829 वोट मिले थे।भाजपा के हरिनारायण राजभर को 4,51,261 वोट मिले थे।अतुल राय ने हरिनारायण राजभर को 1,22,566 वोटों से पराजित किया था। सपा-बसपा का गठबंधन होने का फायदा अतुल राय को घोसी में मिला था। अतुल राय चुनाव जीते थे।तीसरे स्थान पर सुभासपा के महेंद्र राजभर रहे।महेंद्र राजभर को 39,860 वोट मिला थे। चौथे स्थान पर कांग्रेस के बालकृष्ण चौहान रहे। बालकृष्ण चौहान को 23,812 वोट मिले थे। इस बार घोसी सीट से सपा से राजीव राय चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं एनडीए गठबंधन से सुभासपा के अरविंद राजभर चुनाव लड़ रहे हैं।अरविंद राजभर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुभासपा के मुखिया ओमप्रकाश राजभर के बेटे हैं।बसपा से पूर्व सांसद रहे बालकृष्ण चौहान कांग्रेस से ऐन वक्त पर इस्तीफा देकर सांसद बनने की दौड़ में हैं। घोसी लोकसभा सीट पर सातवें चरण में एक जून को चुनाव होना है।नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब कुल 28 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।चुनाव में एक सप्ताह का समय बचा है। ऐसे में सभी दलों के नेताओं और स्टार प्रचारकों का आना जारी है।अरविंद राजभर के पक्ष में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक यहां आकर कार्यकर्ताओं का मनमुटाव दूर कर चुके हैं। वहीं कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही और दारा सिंह चौहान कई चक्र में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रणनीति बना चुके हैं।
क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय और भाजपा जिलाध्यक्ष नूपुर अग्रवाल का दावा है कि पूरी पार्टी के पदाधिकारी बूथ स्तर पर मतदाताओं को अपने पक्ष में कर रहे हैं। इसके अलावा सपा प्रत्याशी राजीव राय के पक्ष में राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा मधुबन विधानसभा के दुबारी में जनसभा को संबोधित कर चुके हैं तो राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव केंद्रीय कार्यालय पर बैठक कर रणनीति बना चुके हैं।बसपा प्रत्याशी पूर्व सांसद बालकृष्ण चौहान के समर्थन में खुद बसपा की मुखिया मायावती मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा में जनसभा कर कार्यकर्ताओं में जोश भर चुकी हैं। कुल मिलाकर जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा यह तो आने वाल समय ही बताएगा,लेकिन घोसी लोकसभा सीट पर मंत्रियों की लगी प्रतिष्ठा भी मतदाताओं के नजर में रहेगी।
घोसी लोकसभा क्षेत्र कुल मतदाता- 20,55,818 है,पुरुष मतदाता- 10,90,327,महिला मतदाता- 9,65,407 और थर्ड जेंडर मतदाता- 84 है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments