Breaking

शुक्रवार, 13 नवंबर 2026

कलम दवात पूजन पर भगवान चित्रगुप्त की आराधना के साथ सामाजिक समरसता, सेवा और विश्व कल्याण का दिया संदेश

🔘 आस्था की स्याही से एकजुटता का संकल्प, चित्रांश परिवार ने विधि-विधान से किया कलम-दवात पूजन

🔘 भगवान चित्रगुप्त की आराधना के साथ सामाजिक समरसता, सेवा और विश्व कल्याण का दिया संदेश

ग्रेटर नोएडा वेस्ट। अक्षरों में ज्ञान, लेखनी में विचार और कलम में समाज को नई दिशा देने की शक्ति समाहित है। इसी लेखकीय परंपरा, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता को आत्मसात करते हुए छोटी मिलक स्थित मनोकामना शिव मंदिर में चित्रांश परिवार, ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर से भगवान श्री चित्रगुप्त के पूजन एवं कलम-दवात पूजा का आयोजन श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।

आयोजन में चित्रांश परिवार के सदस्यों ने सपरिवार सहभागिता कर अपनी सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं के प्रति आस्था व्यक्त की। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना और सामूहिक चालीसा पाठ के साथ हुआ। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर विश्व कल्याण, सुख-शांति और मानवता के मंगल की कामना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न यज्ञ और सामूहिक आरती ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर अजय खरे ने भगवान चित्रगुप्त के प्राकट्य, कायस्थ समाज की उत्पत्ति और समाज के प्रति कायस्थों के सामाजिक दायित्वों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने धार्मिक परंपराओं के साथ सामाजिक मूल्यों और नैतिक जिम्मेदारियों को भी जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा दी।

 प्रवीण सक्सेना ने चित्रांश बंधुओं के बीच आपसी परिचय, संवाद और सामाजिक संपर्क को मजबूत बनाने पर बल दिया। उन्होंने सामाजिक सेवा, जनजागृति और सामूहिक चेतना के माध्यम से समाज को संगठित एवं सशक्त बनाने का आह्वान किया। वहीं राकेश कुमार श्रीवास्तव ने विश्व शांति, मानव कल्याण और आपसी सद्भाव का संदेश देते हुए समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

 कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में डॉ. राजीव वर्मा, कमलकांत, रत्नेश श्रीवास्तव, मनोज श्रीवास्तव और विवेक श्रीवास्तव की विशेष भूमिका रही। इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में मनीष श्रीवास्तव, आकांक्षा श्रीवास्तव, आशीष श्रीवास्तव, मिहिका श्रीवास्तव, शांतनु सौरभ, डॉ. अनूप कुमार, श्याम सक्सेना, डॉ. दीपक, कमलकांत श्रीवास्तव और काव्या श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में चित्रांश बंधु एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

 कलम-दवात पूजन का यह आयोजन महज एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने, नई पीढ़ी को परंपराओं का परिचय कराने और समाज को एकता के सूत्र में पिरोने का सार्थक प्रयास भी बना। आस्था के इस संगम ने यह संदेश दिया कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता, सेवा भावना और परस्पर सहयोग में निहित है। जब लेखनी के साधक एक मंच पर एकत्र होते हैं, तो केवल परंपराएं ही जीवंत नहीं होतीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की नई संभावनाएं भी जन्म लेती हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments