Breaking

बुधवार, 2 सितंबर 2026

Lmp. गुरु-सम्मान की महक, कान्हा का प्यार, गणपति की भक्ति से महिला क्लब में सजा भावनाओं का संसार


⚫ महिला क्लब प्रांगण में एक ही मंच पर शिक्षकों के सम्मान, कृष्ण भक्ति और गणपति आराधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में सम्मान, संस्कृति, कला और आध्यात्मिकता ने मिलकर ऐसा भावपूर्ण वातावरण रचा कि पूरा प्रांगण श्रद्धा और उल्लास से सराबोर हो उठा।

⚫ शिक्षकों के सम्मान से लेकर कान्हा की मुरली और गणपति के जयकारों तक महिला क्लब में सजा आस्था, संस्कृति और सम्मान का मनोहारी उत्सव

लखीमपुर-खीरी। महिला क्लब प्रांगण में आज का दिन सम्मान, संस्कार और भक्ति के नाम रहा। अवसर था टीचर्स डे सेलिब्रेशन, जन्माष्टमी उत्सव एवं गणेश चतुर्थी समारोह का, जहां तीनों आयोजनों ने मिलकर संस्कृति और संवेदनाओं की ऐसी त्रिवेणी प्रवाहित की, जिसमें उपस्थित हर हृदय श्रद्धा, उल्लास और आत्मीयता से भीग उठा।

कार्यक्रम के शुभारंभ पर उपस्थित अध्यापिकाओं का टीका लगाकर पुष्प भेंट करते हुए सम्मान किया गया तथा उपहार प्रदान किए गए। शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए यह संदेश दिया गया कि ज्ञान बांटने वाला शिक्षक केवल पाठ नहीं पढ़ाता, बल्कि जीवन को दिशा और संस्कार देता है। कार्यक्रम में मंजुला गुप्ता, मधु ढींडा, मधुरिमा मिश्रा, अलका वर्मा, मनजीत सलूजा, आराधना गुप्ता, ज्योति कक्कड़, प्रीति पुरी, साधिका कपूर, रोली वर्मा एवं सुरजीत कौर सहित अनेक अध्यापिकाओं की उपस्थिति रही। इस बीच जन्माष्टमी उत्सव में विधि-विधान से श्रीकृष्ण पूजन एवं आरती हुई। चरणामृत, फल एवं मिष्ठान का भोग अर्पित किया गया। इसके बाद जब नन्हे कान्हा, मैया यशोदा और गोपियों ने नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति दी तो पूरा वातावरण कृष्णमय हो उठा।


 नन्हे कान्हा की भूमिका में ख्याति खन्ना, प्रियंका खन्ना की पुत्री ने मन मोह लिया। मैया यशोदा के रूप में नूपुर महिंद्रा तथा गोपियों के रूप में ज्योति पुरी, मीनू गुप्ता, लता द्विवेदी, ज्योति कक्कड़ एवं मोनी पांडे ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। तालियों की गड़गड़ाहट और भक्ति के रंग में डूबे इस आयोजन ने वातावरण को जैसे वृंदावन की गलियों में बदल दिया। जन्माष्टमी के अवसर पर ‘कान्हा का सिंहासन’ सजाने की प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। सदस्यों ने अपनी रचनात्मकता और भक्ति का सुंदर परिचय दिया। प्रतियोगिता में क्षमा अग्रवाल विजेता तथा मीना जायसवाल उपविजेता रहीं। दोनों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। गणेश चतुर्थी के अवसर पर गणपति बप्पा का भव्य आगमन हुआ। जैसे ही विघ्नहर्ता की प्रतिमा का स्वागत हुआ, सदस्यों ने पुष्पवर्षा करते हुए “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारे लगाए। देखते ही देखते पूरा प्रांगण भक्ति की ऊर्जा से भर गया। 

श्रद्धा, संगीत और जयघोष के बीच हर चेहरा आस्था की रोशनी से दमक उठा। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष पूनम आगा, सहकोषाध्यक्ष रत्ना मिश्रा, मधु ढींडा सहित बड़ी संख्या में क्लब की सदस्याएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का आयोजन अध्यक्ष नूपुर महिंद्रा एवं सचिव आराधना गुप्ता के नेतृत्व में हुआ। अध्यक्ष नूपुर महिंद्रा ने अपने प्रेरणादायी एवं भावनात्मक संदेश में कहा कि सम्मान की संस्कृति समाज को संवेदनशील बनाती है, त्योहार हमारी जड़ों से जोड़ते हैं और सामूहिकता जीवन में प्रेम व सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। अंत में सभी ने प्रसाद ग्रहण किया और इसी के साथ यह सुंदर आयोजन संपन्न हुआ। महिला क्लब का यह आयोजन केवल उत्सव नहीं था, बल्कि उस भारतीय परंपरा का जीवंत संदेश था जहां गुरु का सम्मान, कान्हा का प्रेम और गणपति की भक्ति मिलकर जीवन को संस्कार, श्रद्धा और आनंद से भर देते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments