Breaking

बुधवार, 12 अगस्त 2026

Lmp. रक्तदान, देहदान और हरियाली को लेकर जन जागृति ने उठाई बुलंद आवाज

⚫ रक्तदान, देहदान और हरियाली को लेकर जन जागृति ने उठाई बुलंद आवाज

लखीमपुर-खीरी। किसी के लिए जीवन का अर्थ केवल सांसों तक सीमित है, तो किसी के लिए जीवन वह दीप है, जिसकी लौ बुझने के बाद भी समाज को रोशनी देती रहती है। इसी मानवीय संवेदना, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा के संकल्प को लेकर जन जागृति सामाजिक संस्था की एक महत्वपूर्ण बैठक आज गुरुनानक इंटर कॉलेज में संपन्न हुई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, देहदान और रक्तदान के प्रति जनजागरूकता को सामाजिक अभियान का रूप देने पर मंथन हुआ।

बैठक की अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष विपिन भारद्वाज ने की, जबकि संचालन डॉ. आशुतोष श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने अपने-अपने विचारों के माध्यम से समाज को सेवा और सरोकारों की नई दिशा देने का आह्वान किया। 

 संस्था संरक्षक सेवक सिंह अजमानी, जो स्वयं लखीमपुर-खीरी मेडिकल कॉलेज में देहदान के लिए पंजीकरण करा चुके हैं, ने देहदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को इसके प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि देहदान केवल मृत्यु के बाद शरीर का दान नहीं, बल्कि चिकित्सा शिक्षा और आने वाली पीढ़ियों के जीवन को बेहतर बनाने वाली मानवीय विरासत है। उन्होंने समाज से आग्रह किया कि देहदान जैसे पुनीत विषय को संकोच और भ्रांतियों से बाहर निकालकर जनचेतना का हिस्सा बनाया जाए। 

भारतीय योग संस्थान के प्रांतीय प्रधान नरेश चंद्र वर्मा ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए बोन्साई तथा सांपों को दूर रखने वाले पौधों की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने फलदार, छायादार एवं अधिक ऑक्सीजन देने वाले पौधों के रोपण को बढ़ावा देने का आह्वान किया। 

वहीं भारतीय योग संस्थान के जिला प्रधान रमेश कुमार वर्मा एडवोकेट ने पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण मुक्ति के लिए जनजागरूकता को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। समाजहित के इन प्रयासों के लिए संस्था की ओर से सेवक सिंह अजमानी, नरेश चंद्र वर्मा एवं रमेश कुमार वर्मा एडवोकेट को सम्मानित किया गया। सम्मान के क्षणों में सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण और सेवा भावना की गरिमा स्पष्ट दिखाई दी। 

इसी क्रम में संस्था के सक्रिय सदस्य राजीव त्रिवेदी के अनुमोदन पर संस्था महामंत्री सरोज शर्मा ने पत्रकार अनिल कुमार श्रीवास्तव को आजीवन मानद सदस्य बनाए जाने की घोषणा की और उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर महामंत्री श्री शर्मा ने देहदान के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। 

कार्यक्रम के अंत में संस्था के लीगल एडवाइजर रहे स्वर्गीय विनोद पांडेय की स्मृति में शोकसभा आयोजित की गई। उपस्थितजनों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक योगदान और स्मृतियों को नमन किया। कुछ पल के लिए वातावरण भावुक हो उठा और सभा में मौन संवेदना की गहरी छाप दिखाई दी।

 इस अवसर पर डॉ. प्रदीप कुमार निगम, डॉ. डी.के. सिंह, सतीश टंडन, आशू कक्कड़, लीगल एडवाइजर एड. खरे, श्याम जी शेखर, राम बहादुर मित्रा, उद्यान विभाग के अंकित रस्तोगी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 अंत में संस्था अध्यक्ष विपिन भारद्वाज ने सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसके संवेदनशील नागरिकों में निहित होती है। बैठक ने मानो एक संदेश दिया रक्त किसी अनजान की जिंदगी बचा सकता है, देह किसी विद्यार्थी के ज्ञान का आधार बन सकती है और एक पौधा आने वाली पीढ़ियों की सांसों का प्रहरी। यही सेवा है, यही सामाजिक जागृति है और यही मानवता का सबसे सुंदर विस्तार है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments