Breaking

रविवार, 30 अगस्त 2026

Lmp. ( बांकेगंज ). बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो की मौत, एक महिला गंभीर रूप से घायल

               घायल महिला से बातचीत करती पुलिस

🔘 बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो की मौत, एक महिला गंभीर रूप से घायल 

🔘 कुकरा-बांकेगंज मार्ग पर हुआ दर्दनाक हादसा, टक्कर में दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई

            घायलों को एंबुलेंस में लादते पुलिसकर्मी

संवाददाता बांकेगंज, दैनिक जनजागरण। थाना मैलानी क्षेत्र के अंतर्गत कुकरा-बांकेगंज मार्ग पर रविवार दोपहर तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। बांकेगंज सीएचसी में डॉक्टरों ने दो घायलों को मृत घोषित किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भिजवाया। 
       पुलिस के अनुसार भीरा थाना क्षेत्र के ग्राम कचनारा निवासी महेश प्रसाद शर्मा (60) अपनी पत्नी मायादेवी (54 )के साथ बाइक से बांकेगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुकरा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम सीतारामपुर निवासी पिंटू (25) पुत्र आशाराम अपनी बाइक से घर की ओर जा रहा था। इसी बीच कृष्ण कुमार मिश्रा के फार्म हाउस के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी। भिड़ंत के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। किसी ने फोन करके पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से बांकेगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया।
      सीएचसी में चिकित्सकों ने जांच के बाद पिंटू और महेश प्रसाद शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं महेश प्रसाद की पत्नी मायादेवी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार सीएचसी में जारी है।
     दो लोगों की मौत की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचने लगे। हादसे की सूचना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
       पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर जिला मुख्यालय पोस्टमार्टम हाउस भेजा है जिसमें आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments