12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के 17वें काउंटडाउन पर वंदन गार्डन में गूंजा योग का संदेश
"योग फॉर हेल्दी एजिंग" थीम पर सैकड़ों योग साधकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
04 जून। लखीमपुर-खीरी। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के 17वें काउंटडाउन के अवसर पर खंड स्नातक लखनऊ क्षेत्र में संचालित योग जागरूकता श्रृंखला के अंतर्गत शहर के वंदन गार्डन में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, आध्यात्मिक एवं योग संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से सैकड़ों योग साधकों ने सहभागिता कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया।
इस आयोजन के मुख्य आयोजक क्रीड़ा भारती, योग रंजन फाउंडेशन, भारतीय योग संस्थान, आयुष विभाग, सहज योग, पतंजलि योग, मॉर्निंग वॉकर्स क्लब एवं माई भारत रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंजी० अविनीश कुमार सिंह, सदस्य विधान परिषद् (खंड स्नातक, लखनऊ), विशिष्ट अतिथि डॉ० इरा श्रीवास्तव, अध्यक्षा नगर पालिका परिषद् लखीमपुर, पूर्व क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ० विजय प्रकाश, चिकित्साधिकारी (आयुष) डॉ० अमन कम्बोज, वरिष्ठ समाजसेवी सेवक सिंह अजमानी एवं माई भारत के युवा अधिकारी संकल्प कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का कुशल संचालन अशोक कुमार तोलानी द्वारा किया गया। कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत योगाचार्य प्रिंस रंजन बरनवाल एवं शिवराम वर्मा के निर्देशन में सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का सामूहिक अभ्यास कराया गया। योगाचार्या राजदीपिका तिवारी द्वारा योगासनों का प्रभावशाली प्रदर्शन कर उपस्थित प्रतिभागियों को शुद्ध एवं सही अभ्यास की प्रेरणा दी गई।
मुख्य अतिथि इंजी० अविनीश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इस वर्ष की थीम "योग फॉर हेल्दी एजिंग" को वर्तमान समय की आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन की आधारशिला है।
विशिष्ट अतिथि डॉ० इरा श्रीवास्तव ने अपने 25 वर्षों के सतत योग अभ्यास के अनुभव साझा करते हुए कहा कि योग ही उनकी ऊर्जा और सक्रियता का मूल स्रोत है। उन्होंने कहा कि अनेक बार अस्थि भंग (फ्रैक्चर) जैसी परिस्थितियों का सामना करने के बावजूद नियमित योग के कारण वे आज भी पूर्ण आत्मविश्वास एवं सशक्त स्वास्थ्य के साथ समाजसेवा में सक्रिय हैं।
कार्यक्रम में क्रीड़ा भारती से कनिष्क बरनवाल एवं नीरज वर्मा, योग रंजन फाउंडेशन से राम प्रताप कटियार, मनोज कुमार, अमूलदीप तिवारी, प्रीति शुक्ला, नूपुर सिंह, अर्चना पाण्डेय एवं योग रंजन योगिनी समूह, भारतीय योग संस्थान से जिला प्रधान रमेश कुमार वर्मा, महिला जिला प्रधान अर्चना श्रीवास्तव, रामजनम बरनवाल एवं कमल किशोर बरनवाल, आयुष विभाग से योगी कुलदीप वर्मा, अमित कुमार शुक्ला एवं सीमा देवी, पतंजलि योग से बनवारी लाल मधुकर, समाजसेवी राजू अग्रवाल सहित मॉर्निंग वॉकर्स क्लब के अनेक सदस्य तथा नगर के सैकड़ों योग प्रेमी उपस्थित रहे।
अंत में समस्त प्रतिभागियों द्वारा सामूहिक शांति पाठ किया गया तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जन-जन का उत्सव बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के उपरांत सभी योग साधकों एवं अतिथियों के लिए स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments