Breaking

शुक्रवार, 1 मई 2026

noida : नवरत्न "समर्पण" - 2026 में 10 मई को संवेदनाओं की दीपशिखा में निखरेंगी प्रतिभाओं की आभा

🔘 नवरत्न "समर्पण" - 2026 में 10 मई को संवेदनाओं की दीपशिखा में निखरेंगी प्रतिभाओं की आभा

नोएडा। समाज में छिपी प्रतिभाओं को पहचान देने का संकल्प लिए Navratan Foundations एक बार फिर अपने वार्षिकोत्सव “समर्पण 2026” के साथ जनमानस के बीच नई उम्मीदों की रोशनी बिखेरने जा रहा है। आगामी 10 मई 2026, रविवार को सायं 6:30 बजे से NEA भवन, सेक्टर-6, नोएडा में आयोजित यह भव्य समारोह न केवल सम्मान का मंच होगा, बल्कि सेवा, संस्कार और संवेदना का उत्सव भी बनेगा। यह आयोजन उस विचारधारा का जीवंत रूप है, जो कहती है “प्रतिभा को अवसर मिले, तो समाज स्वयं संवर उठता है।” वर्षों से अनदेखी और अनसुनी प्रतिभाओं को पहचान देने वाली यह संस्था इस बार भी समाज के विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को प्रतिष्ठित नवरत्न अवॉर्ड्स से सम्मानित करेगी। कार्यक्रम में श्री एफ.बी. निगम मेमोरियल अवॉर्ड, श्री जे.बी. जैरथ मेमोरियल अवॉर्ड, श्री कुँवर स्वरूप भटनागर शिक्षा सम्मान, दयारानी नारी सशक्तिकरण पुरस्कार सहित कई विशिष्ट सम्मान प्रदान किए जाएंगे। साथ ही, नवरत्न के रत्न बनकर उभरने वाले युवाओं को भी विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। इस सांस्कृतिक संध्या की विशेषता केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि वह भावनात्मक स्पंदन है, जो समाज के हर वर्ग को जोड़ता है। “सशक्त नारी” को समर्पित यह संध्या संगीत, कला और संवेदनाओं का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगी। कार्यक्रम में विशेष आकर्षण के रूप में प्रसिद्ध गायक दिवाकर शर्मा अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं के दिलों को सुरों की लय में बांधेंगे, जिससे यह शाम और भी यादगार बन जाएगी। “समर्पण 2026” केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि एक विचार है, एक ऐसा विचार, जो सेवा को सम्मान देता है, संघर्ष को पहचान देता है और समाज को नई दिशा देता है। इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों और कला प्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति इस आयोजन को और भी सार्थक बनाएगी। उक्त जानकारी नवरत्न फाउंडेशन्स के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अशोक श्रीवास्तव ने एक विज्ञप्ति में दी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments