Breaking

शनिवार, 9 मई 2026

Lmp. महाराणा प्रताप के स्वाभिमान से ओतप्रोत हुई क्षत्रिय समाज की गरिमामयी गोष्ठी

🔘 महाराणा प्रताप के स्वाभिमान से ओतप्रोत हुई क्षत्रिय समाज की गरिमामयी गोष्ठी

लखीमपुर-खीरी। वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के अमर प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती के उपलक्ष्य में क्षत्रिय सेवा सद्भाव समिति के तत्वावधान में एक गरिमामयी एवं प्रेरणादायी गोष्ठी का आयोजन गढ़ी रोड स्थित मानवेन्द्र सिंह के आवास पर सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित क्षत्रिय समाज के गणमान्यजनों ने महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष राजवीर सिंह ने की। अपने ओजस्वी उद्बोधन में उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक वीर योद्धा नहीं, बल्कि राष्ट्र स्वाभिमान और अदम्य साहस की जीवंत मिसाल थे। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वर्तमान पीढ़ी को महाराणा प्रताप के त्याग, संघर्ष और राष्ट्रनिष्ठा से प्रेरणा लेकर समाज एवं देशहित में कार्य करना चाहिए। 

संस्था सचिव शिशिर सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप ने मातृभूमि की रक्षा, स्वाभिमान और सम्मान के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनका जीवन संदेश देता है कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, राष्ट्रहित और आत्मसम्मान से कभी समझौता नहीं करना चाहिए। 

गोष्ठी में मानवेन्द्र सिंह, अरुण सिंह “उर्रा”, हरवंश सिंह, शैलेन्द्र सिंह सहित अनेक गणमान्य क्षत्रिय बंधुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं संरक्षक अरुण सिंह एवं विनोद सिंह की उपस्थिति कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने महाराणा प्रताप के आदर्शों पर चलने तथा समाज में एकता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त बनाने का संकल्प लिया। आयोजन का वातावरण वीर रस, गौरव और प्रेरणा से ओतप्रोत दिखाई दिया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments