Lmp. योग और आयुष की अलख से गांव-विद्यालयों में जागी स्वास्थ्य चेतना
🔘 “आयुष आपके द्वार” से गांव में पहुंची स्वास्थ्य की नई रोशनी
लखीमपुर खीरी। नकहा ब्लॉक स्थित ग्राम रौलिया में गुरुवार को “आयुष आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य संवर्धन का प्रेरणादायी केंद्र बन गया। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय सकेथू एवं महेवागंज के संयुक्त तत्वावधान में लगे इस शिविर में आयुर्वेदिक परामर्श, औषधि वितरण और योगाभ्यास के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवन का संदेश दिया गया।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेंद्र कुमार वर्मा एवं डॉ. प्रियंका वर्मा ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आयुर्वेदिक उपचार एवं संतुलित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। वहीं योग प्रशिक्षक प्रिंस रंजन एवं योग सहायक राजदीपिका तिवारी ने योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराकर लोगों को निरोग जीवन की राह दिखाई। शिविर में वृद्धजनों एवं सामान्य मरीजों के लिए अलग काउंटर व्यवस्था ने सेवा को और अधिक सुगम बनाया। ग्रामीणों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए आयुर्वेद और योग के प्रति जागरूकता प्राप्त की।
🔘 योग से जागी चेतना, छात्राओं ने सीखा स्वस्थ जीवन का मंत्र
लखीमपुर-खीरी स्थित सनातन धर्म सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इण्टर कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित योग जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं के लिए स्वास्थ्य, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रेरणादायी मंच बन गया। योग रंजन फाउंडेशन के 75 दिवसीय अभियान के अंतर्गत आयुष विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में किशोरावस्था में बढ़ती स्वास्थ्य चुनौतियों एवं उनके योगिक समाधानों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य वक्ता योगाचार्य प्रिंस रंजन बरनवाल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि अत्यधिक स्क्रीन टाइम, सोशल मीडिया का प्रभाव, अनियमित दिनचर्या और मानसिक दबाव आज की किशोरियों के स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने योग को शरीर, मन और भावनाओं को संतुलित करने वाली वैज्ञानिक पद्धति बताते हुए नियमित योगाभ्यास, पर्याप्त नींद और “डिजिटल डिटॉक्स” अपनाने का संदेश दिया। योगिनी आकांक्षा वर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक संतुलन के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि योगाचार्या राजदीपिका तिवारी ने सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, ध्यान एवं रिलैक्सेशन तकनीकों का व्यवहारिक अभ्यास कराया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योग को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन का आधार बनाने का संकल्प लिया।
🔘 धौरहरा GGIC की छात्राओं ने योग से सीखा स्वस्थ जीवन का मार्ग
लखीमपुर खीरी। धौरहरा स्थित राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज, धौरहरा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित योग जागरूकता कार्यक्रम स्वास्थ्य चेतना और सकारात्मक जीवनशैली का प्रेरणादायी संदेश देकर संपन्न हुआ। योग रंजन फाउंडेशन के “75 दिवसीय योग जागरूकता अभियान” के अंतर्गत आयुष विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक महत्व से अवगत कराया गया।
मुख्य वक्ता योगाचार्य प्रिंस रंजन बरनवाल ने कहा कि अत्यधिक मोबाइल उपयोग, सोशल मीडिया की बढ़ती निर्भरता और अनियमित दिनचर्या युवाओं के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर रही है। उन्होंने योग को तनावमुक्त, अनुशासित और ऊर्जावान जीवन का आधार बताते हुए नियमित योगाभ्यास अपनाने का आह्वान किया। योगाचार्य प्रगति बरनवाल ने मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक संतुलन पर प्रकाश डालते हुए ध्यान और प्राणायाम को आधुनिक तनाव का प्रभावी समाधान बताया। वहीं योगाचार्या राजदीपिका तिवारी ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का मजबूत आधार माना।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments