⚫ चारबाग स्टेशन पर गूंजा जागरूकता का संदेश, नुक्कड़ नाटक ने जगाई टीबी से लड़ने की चेतना
लखनऊ. के ऐतिहासिक चारबाग रेलवे स्टेशन पर आज स्वास्थ्य जागरूकता का एक प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. बी. सिंह के मार्गदर्शन एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अतुल कुमार सिंघल के कुशल नेतृत्व में टीबी रोग के प्रति जनजागरूकता अभियान का प्रभावी आयोजन किया गया।
रेलवे स्टेशन की चहल-पहल के बीच प्रस्तुत किए गए नुक्कड़ नाटक ने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। कलाकारों ने जीवंत अभिनय के माध्यम से बताया कि क्षय रोग केवल एक बीमारी नहीं, बल्कि समय रहते उपचार और जागरूकता से हराई जा सकने वाली चुनौती है। नाटक में यह संदेश भी प्रमुखता से दिया गया कि सरकार द्वारा टीबी मरीजों को निःशुल्क जांच, उपचार एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. कार्यक्रम के दौरान आमजन को प्रचार-प्रसार सामग्री वितरित की गई तथा टीबी विषयक जानकारी से युक्त ऑडियो संदेश भी प्रसारित किए गए। यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने इस पहल को सराहते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। यह जागरूकता अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ भारत की दिशा में बढ़ता हुआ वह सशक्त कदम बना, जिसने लोगों के मन में यह विश्वास जगाया कि जागरूकता, समय पर जांच और सही उपचार से टीबी जैसी बीमारी को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments