🔘 खत्री महिला संगठन का तहरी भोज बना संवेदना और समर्पण का उत्सव
लखीमपुर। सेवा जब संकल्प बन जाए और संवेदना जब संगठन का संस्कार, तब सामाजिक सहभागिता केवल आयोजन नहीं रहती, वह प्रेरणा का प्रवाह बन जाती है।
ऐसा ही प्रेरक नजारा आज गांधी विद्यालय परिसर में देखने को मिला, जहाँ महिला संगठन सत्र 2025 से 28 की अध्यक्ष स्मिता मेहरोत्रा के नेतृत्व में भव्य तहरी भोज का आयोजन किया गया। इस सेवा संस्कार के आयोजन में लगभग 600 बच्चों, विद्यालय के स्टाफ, अध्यापकों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने सामूहिक भोज का आनंद लिया। बच्चों के चेहरे पर खिलती मुस्कान और वातावरण में व्याप्त आत्मीयता ने कार्यक्रम को अविस्मरणीय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगरपालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव द्वारा बच्चों को अपने हाथों से भोजन परोसकर किया गया। यह क्षण केवल औपचारिक आरंभ नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व और करुणा की जीवंत अभिव्यक्ति था।
महिला संगठन की अध्यक्ष स्मिता मेहरोत्रा के साथ इस पुनीत कार्य में कार्यकारिणी टीम की सक्रिय सहभागिता उल्लेखनीय रही। तनु महेंद्र, मीनू धवन, अलका धवन, रचना बेरी, वंदना मेहरोत्रा, नीता चोपड़ा, ममता मेहरोत्रा, अंजुल जलोटा, रेखा भल्ला, उर्मिला पुरी, रुचि मेहरोत्रा, अंजू शेखर, राखी चोपड़ा, प्रीति मेहरोत्रा एवं एकता मेहरोत्रा की सामूहिक ऊर्जा ने आयोजन को सुव्यवस्थित और गरिमामयी स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव, गांधी विद्यालय के प्रबंधक राकेश मिश्रा, खत्री सभा अध्यक्ष कमल मेहरोत्रा, पूर्व अध्यक्ष महेश पुरी, तथा खत्री सभा टीम से सचिव मनीष मेहरोत्रा, संजय मेहरोत्रा एवं धीरज मेहरोत्रा की उपस्थिति ने महिला संगठन का मनोबल बढ़ाया और सामाजिक एकजुटता का सशक्त संदेश दिया। अध्यक्ष स्मिता मेहरोत्रा ने कहा कि “सेवा का सबसे सुंदर रूप वही है, जो निस्वार्थ भाव से समाज के भविष्य हमारे बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाए।” वहीं संगठन की सचिव रजनी टंडन ने सभी सहयोगियों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।
यह तहरी भोज कार्यक्रम न केवल पेट भरने का आयोजन था, बल्कि यह मानवीय मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और नारी शक्ति की संगठित चेतना का सशक्त प्रतीक बनकर नगर में एक प्रेरक उदाहरण स्थापित कर गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments