जालंधर, 13 नवंबर 2025। भारत सरकार के संचार मंत्रालय, दूरसंचार विभाग के अंतर्गत कंट्रोलर ऑफ कम्युनिकेशन अकाउंट्स (CCA), पंजाब, चंडीगढ़ के फील्ड ऑफिस द्वारा आज जालंधर के अंबेडकर भवन में पेंशनभोगियों के लिए एक विशाल कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन “नेशनवाइड डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट कैंपेन 4.0 (1 से 30 नवंबर, 2025)” के अंतर्गत किया गया, जिसका मूल उद्देश्य था सेवा से सम्मान तक पेंशनभोगियों की सुविधा, सुरक्षा और सशक्तिकरण सुनिश्चित करना।
इस शिविर का उद्घाटन डॉ. मनदीप सिंह, संयुक्त नियंत्रक (Joint CCA), पंजाब ने किया, जबकि आर.एल. जाखू, प्रधान नियंत्रक (सेवानिवृत्त) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने उद्घाटन संबोधन में डॉ. सिंह ने कहा पेंशनभोगी हमारे विभाग की सेवा-परंपरा के जीवित प्रतीक हैं। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम उनके द्वार तक सेवाएँ पहुँचाएँ, न कि उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ें।”
उन्होंने बताया कि जीवन प्रमाण पत्र अद्यतन के साथ-साथ स्वास्थ्य जांच, योग जागरूकता, साइबर सुरक्षा और डिजिटल साक्षरता से जुड़ी गतिविधियाँ भी इस अभियान का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि “पेंशनभोगियों के कल्याण में ही हमारी सेवा भावना का सच्चा विस्तार है।”
कार्यक्रम के दौरान पेंशनधारकों के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (Jeevan Pramaan) तैयार करने और जमा करने हेतु एक विशेष काउंटर स्थापित किया गया, जहाँ उन्हें बिना किसी अतिरिक्त औपचारिकता के सहायता प्रदान की गई।
फोर्टिस अस्पताल के सहयोग से आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर ने वरिष्ठ नागरिकों को नई ऊर्जा दी। आहार विशेषज्ञों और चिकित्सकों ने स्वास्थ्यपरक खानपान, योग और मानसिक संतुलन के महत्व पर मार्गदर्शन दिया। “स्वस्थ तन ही शांत मन की कुंजी है,” इस संदेश ने उपस्थितजनों के मन में प्रेरणा का संचार किया।
साथ ही, पंजाब पुलिस के साइबर सेल द्वारा आयोजित साइबर सुरक्षा जागरूकता सत्र ने वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल ठगी, बैंकिंग सुरक्षा और मोबाइल ऐप्स के सुरक्षित उपयोग के प्रति सजग किया। इस सत्र ने यह स्पष्ट किया कि सजग नागरिक ही सुरक्षित डिजिटल भारत की नींव हैं।
कार्यक्रम के अंत में पर्यावरणीय संदेश के रूप में पौधारोपण अभियान चलाया गया। पेंशनभोगियों को पौधों की कलमें भेंट की गईं “हर पौधा एक प्रतिज्ञा, हर कलम एक नई उम्मीद।”
अपने अनुभव साझा करते हुए श्री आर.एल. जाखू ने कहा सेवानिवृत्ति अंत नहीं, एक नई भूमिका की शुरुआत है। हमें बदलते युग के साथ स्वयं को अद्यतन रखना चाहिए और जीवन के हर पड़ाव को सकारात्मक दृष्टि से स्वीकार करना चाहिए।”
शिविर में शामिल वरिष्ठ नागरिकों ने भावनात्मक और ऊर्जावान भागीदारी की। श्री मनमोहन सिंह, सेवानिवृत्त डीजीएम ने सीसीए कार्यालय की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब में हर पेंशनभोगी तक पहुंचना, वास्तव में सेवा की भावना को जन-जन तक पहुँचाने जैसा है।”
कार्यक्रम के अंत में सीसीए कार्यालय ने यह संकल्प दोहराया कि वह पेंशनभोगियों के कल्याण, सुविधा और डिजिटल सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
यह शिविर न केवल सेवा का प्रतीक बना, बल्कि संवाद, सशक्तिकरण और संवेदनशीलता का जीवंत उदाहरण भी जहाँ तकनीक ने मानवता से हाथ मिलाया और अनुभवी पीढ़ी को मिला सम्मान का नया आयाम।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments