जम्मू। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है इसी भावना को साकार करते हुए उत्तर रेलवे, जम्मू मंडल के तत्वावधान में 13 नवम्बर 2025 को जम्मू रेलवे स्टेशन पर एक विशेष सुरक्षा अभियान संचालित किया गया। यह अभियान पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP), डॉग स्क्वायड और वाणिज्य विभाग के अधिकारियों की संयुक्त देखरेख में सम्पन्न हुआ।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर, प्लेटफार्मों, प्रतीक्षालयों, आरक्षण काउंटर, बुकिंग एवं पार्सल कार्यालयों की गहन जाँच की गई। यात्रियों के सामान, आने-जाने वाली ट्रेनों, और परिसर के प्रत्येक कोने को मेटल डिटेक्टर व डॉग स्क्वायड की मदद से बारीकी से चेक किया गया। सुरक्षा दलों की सतर्क दृष्टि और कर्मठता से पूरा स्टेशन क्षेत्र सजगता और विश्वास से भर उठा।
इस अवसर पर यात्रियों को सुरक्षा सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि यात्रा के दौरान सतर्क रहें, किसी भी संदिग्ध वस्तु को न छुएं, और तत्काल रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या 182 पर सूचित करें।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने एक विज्ञप्ति में बताया कि, इस अभियान का उद्देश्य रेलवे स्टेशन पर सामान्य रेल यातायात को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखना है, ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।”
अभियान के अंतर्गत स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारियों को भी ड्यूटी के दौरान अधिकतम सतर्कता और सजगता बरतने के निर्देश दिए गए।
यह विशेष सुरक्षा पहल केवल एक प्रशासनिक कार्यवाही नहीं, बल्कि एक प्रेरक संदेश है कि सुरक्षा, सेवा और सतर्कता मिलकर ही विश्वसनीय यात्रा का आधार बनती हैं। जम्मू रेलवे स्टेशन पर आज यह भावना हर डिब्बे, हर प्लेटफार्म और हर मुसाफिर की नज़रों में झलकती रही।
#JammuRailwayStation #NorthernRailway #RailwaySecurity #SafeTravel #IndianRailways #SecurityCampaign #RPF #GRP #PassengerSafety #RailwayAwareness #TravelResponsibly #SashaktBharat
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments