🔘 लौह पुरुष की जयंती पर भाजपा का राष्ट्रजागरण अभियान
लखीमपुर, 25 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शनिवार को लखीमपुर में पार्टी पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों के साथ आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में संगठन की दिशा और मिशन पर गहन मंथन किया। बैठक का प्रमुख विषय रहा “सरदार@150 यूनिटी मार्च अभियान”, जो लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।
श्री सिंह ने कहा कि सरदार पटेल केवल इतिहास नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय चेतना के केंद्र हैं। उन्होंने 562 रियासतों का एकीकरण कर उस अखंड भारत की नींव रखी, जिसका स्वप्न हर भारतीय के हृदय में बसता है। भाजपा का यह अभियान, “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को नई गति देने का प्रयास है। बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका कार्यकर्ता है, जो बूथ से लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक भाजपा की नीतियाँ पहुँचाता है। उन्होंने आह्वान किया कि हर कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश घर-घर पहुँचाए। 31 अक्टूबर से 6 दिसंबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान के अंतर्गत पूरे प्रदेश में पदयात्रा, रन फॉर यूनिटी, और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों में निबंध, भाषण, चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं में सरदार पटेल के आदर्शों की भावना जागृत की जाएगी। श्री सिंह ने आगे कहा, “सरदार पटेल की एकता और समर्पण से प्रेरित यह अभियान राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक जनांदोलन बनेगा और भाजपा उसी चेतना को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प दोहरा रही है।”
बैठक में श्रेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, जिला प्रभारी वासुदेव मौर्य, जिला अध्यक्ष सुनील सिंह , विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह, योगेश वर्मा, शशांक, सौरभ सिंह सोनू, अमन गिरि, मंजू त्यागी, विनोद शंकर अवस्थी, प्रदेश कॉपरेटिव उपाध्यक्ष मनीष साहनी सहित सभी जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष व अन्य प्रमुख पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments