तलाशी के लिए रोकने पर पुलिस पर फायर करने वाले शातिर अंतर्जनपदीय बदमाश को पुलिस ने गोली मारकर दबोचा, अवैध तमंचा बरामद
सादात स्थानीय पुलिस को ऐन दशहरा उत्सव के दिन बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सादात रेलवे स्टेशन के पास हुए एनकाउंटर के दौरान गाजीपुर सहित विभिन्न जिलों में नकबजनी कर चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश के पास से अवैध तमंचा, 2 खोखा व 1 जिंदा कारतूस सहित चोरी की घटनाओं में प्रयोग किए जाने वाले सामान बरामद हुए हैं। सादात पुलिस दशहरा पर क्षेत्र में शांति व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए गश्त पर निकली थी। इसी बीच सूचना मिली कि एक शातिर बदमाश किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से सादात रेलवे स्टेशन के निकट मौजूद है। जिसके बाद एसओ वागीश विक्रम सिंह मखदुमपुर चौकी प्रभारी को सूचना देकर बदमाश की घेरेबंदी करने लगे। स्टेशन के पास स्थित जर्जर मकान के पास खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सतर्क पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई। जिससे गोली बदमाश के बाएं पैर में जा लगी और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। जिसके बाद घायल बदमाश को तत्काल सादात सीएचसी ले जाया गया। पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम जाफर हुसैन पुत्र ताबिल हुसैन निवासी भादी, शाहगंज, जौनपुर बताया। क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि उक्त बदमाश के विरुद्ध आजमगढ़, महाराजगंज, कासिमाबाद और सादात थानों में आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और चोरी सहित विभिन्न आपराधिक घटनाओं में कई मामले दर्ज हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments