ट्रेनों में सो रहे यात्रियों को शिकार बनाने वाला कुख्यात अंतर्जनपदीय गैंगस्टर औड़िहार जंक्शन पर गिरफ्तार, कई बार जा चुका है जेल
सैदपुर औड़िहार जीआरपी ने ट्रेनों में सो रहे यात्रियों को अपना शिकार बनाने वाले शातिर अंतर्जनपदीय व कुख्यात गैंगस्टर को चोरी के मोबाइलों के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़ा गया चोर कई बार जेल जा चुका है। चौकी इंचार्ज अभिषेक पांडेय को सूचना मिली कि औड़िहार जंक्शन के प्लेटफॉर्म 5 पर एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है। जिसके बाद उन्होंने टीम के साथ वहां जाकर उसे धर दबोचा और चौकी पर ले आए। तलाशी में उसके पास से पोको, रियलमी व सैमसंग के 45 हजार रूपए कीमत के कुल 3 मोबाइल बरामद हुए। सख्ती से पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद चांद पुत्र मोहम्मद नेसारूल निवासी अलीपुरा, सरायलखंसी, मऊ बताया। उसके पास से बरामद तीनों मोबाइल चोरी के निकले, जिसे उसने ट्रेनों में सो रहे यात्रियों से चोरी किया था। उसने पूछताछ में बताया कि वो आराम की जिंदगी जीने के लिए ट्रेनों में इसी तरह से चोरियां करता है। बताया कि वो पहले भी ऐसे अपराध के लिए जेल जा चुका है और हर बार जमानत पर बाहर आकर ये काम फिर से शुरू कर देता है। शुरूआती जानकारी में पुलिस को पता चला कि उसके खिलाफ पूर्व में मऊ कोतवाली में गैंगस्टर सहित कुल 5 मुकदमे व मऊ के जीआरपी थाने में 1 मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा अन्य मुकदमों के बारे में पुलिस पड़ताल कर रही है। चौकी इंचार्ज अभिषेक पांडेय ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश कुख्यात है और अपराध का अभ्यस्त हो चुका है। टीम में चौकी इंचार्ज के साथ आरपीएफ प्रभारी रमेश चंद्र सिंह, कां. सुशील चंद्र, रामजन्म राजभर व शफीक अहमद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments