Breaking

रविवार, 14 सितंबर 2025

शॉर्ट सर्किट से इलेक्ट्रिक बस में लगी आग, मचा हड़कंप, आग बुझाने में छूटा पसीना

प्रयागराज नए यमुना पुल के पास इलेक्ट्रिक बसों के लिए बनाए गए चार्जिंग स्टेशन में  देर रात को शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। जिस समय आग लगी, उस समय करीब तीन दर्जन बसें सेंटर में चार्जिंग पर लगी थीं। बस से आग की लपटें उठते दिखाई देने पर हड़कंप मच गया। चार्जिंग में लगी सभी बसों को वहां से बाहर निकालते हुए फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। चार्जिंग स्टेशन में बस में आग लगने से अन्य रूटों की बसों का संचालन करीब डेढ़ घंटे देरी से शुरू हुआ। शहर के विभिन्न रूटों पर बीते दिनों से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है और इसके लिए नए यमुना पुल के पास चार्जिंग स्टेशन बनाया गया है। बसों का संचालन रात बंद होने के बाद सभी बसें इसी चार्जिंग स्टेशन पर चार्ज की जाती हैं। बसों को चार्ज करते समय देर रात शॉर्ट सर्किट से एक बस में आग लग गई। लपटें उठते देखने पर सिक्योरिटी गार्ड ने सेंटर पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जानकारी दी। इससे वहां पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तत्काल करीब तीन दर्जन बसों को चार्जिंग स्टेशन से बाहर निकाला गया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। काफी मशक्कत करने के बाद आग बुझने पर सभी बसों की बैटरियों को निकालकर ठंडा किया गया। यह प्रक्रिया करते-करते सुबह के 8 बज गए। चार्जिंग स्टेशन पर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि सभी बसों को सुबह 5 बजे तक उनके रूट पर भेज दिया जाता है, लेकिन बस में आग लगने से सभी बसें करीब साढ़े छह बजे तक जा पाईं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments