मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एवं आईजीआरएस की समीक्षा बैठक सम्पन्न जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दी सख्त हिदायत, लापरवाही पर होगी कार्यवाही
प्रयागराज संगम सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एवं आईजीआरएस की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब कार्य संस्कृति में सुधार लाना ही होगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने डैशबोर्ड में बी, सी, डी श्रेणी में प्रदर्शन करने वाले विभागों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने निर्देशित किया कि अगले माह तक सभी विभाग अपनी स्थिति में सुधार करते हुए ए या ए-प्लस श्रेणी में पहुंचे, अन्यथा संबंधित अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों की प्रतिदिन समीक्षा की जाए और गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में निस्तारण अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि निस्तारण के बाद आवेदक से वार्ता कर फीडबैक लेना जरूरी है, अन्यथा कार्यवाही अधूरी मानी जाएगी। शिकायतों में स्थलीय सत्यापन व फील्ड विजिट की फीडिंग में ढिलाई न बरतने की सख्त चेतावनी भी दी गई। औद्योगिक विकास, डिजिशक्ति, औषधि विक्रय लाइसेंस, खनन विभाग, प्रोबेशन, स्वास्थ्य, जल जीवन मिशन समेत विभिन्न योजनाओं और विभागों की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने ड्रग इंस्पेक्टर को बिना परामर्श स्टेरॉयड बेचने वाले मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी कर उनके लाइसेंस रद्द करने का निर्देश दिया। वहीं गौ संरक्षण केंद्रों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, निराश्रित गोवंशों को सड़कों से हटाकर गौशालाओं में रखने के भी निर्देश दिए गए। राजस्व विभाग की समीक्षा में लंबित प्रकरणों को तत्काल निस्तारित कराने का निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी उपजिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी तहसीलों में लंबित मामलों का प्राथमिकता से समाधान कराएं। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी, विकास प्राधिकरण, नगर निगम और सिंचाई विभाग को सड़कों की मरम्मत, सीवर लाइन से जुड़े गड्ढों व नाले के कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर, नजूल, वित्त एवं राजस्व, प्रशासन, आपूर्ति, मुख्य राजस्व अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments