विकास भवन का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण अनुपस्थित अफसर-कर्मचारियों का वेतन रोका जाएगा स्पष्टीकरण भी मांगा गया
प्रयागराज जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने विकास भवन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि अनुपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोका जाए और उनसे स्पष्टीकरण लिया जाए। निरीक्षण के दौरान समाज कल्याण, डीआर डीए, कृषि, कार्यक्रम अधिकारी, पंचायतीराज, अल्पसंख्यक कल्याण, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, सहकारिता एवं जिला विकास अधिकारी कार्यालय के कुल दर्जनभर से अधिक कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। वहीं समाज कल्याण, कृषि, आरईएस, पंचायतीराज, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी और जिला विकास अधिकारी कार्यालय के कई कर्मचारी देर से पहुंचे, जिनसे भी स्पष्टीकरण देने को कहा गया। जिलाधिकारी ने साफ निर्देश दिया कि भविष्य में औचक निरीक्षण के दौरान यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित पाया गया या कार्यों में लापरवाही दिखी तो कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने उपस्थिति पंजिका में आकस्मिक अवकाश की स्वीकृति की प्रति रखने का भी आदेश दिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालयों की साफ-सफाई, फाइलों के रख-रखाव, समय से दफ्तर पहुंचने और आम जनता की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन सेक्शन का भी निरीक्षण किया और वहां आए वृद्धजन से बातचीत कर उनकी समस्या का समाधान कराया। विकास भवन के भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने और शेष दीवारों पर महाकुंभ-2025 थीम पर आधारित पेंटिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत बन रहे शौचालयों की प्रगति की जानकारी ली और निर्माण कार्य में देरी होने पर ग्राम सचिव व ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments