दशकों बाद पहली बार साल में तीसरी बार घटकर खतरे के निशान के पार हुई गंगा, तेतारपुर का तीसरी बार जिले से टूटा जमीनी संपर्क
गाजीपुर मोक्षदायिनी मां गंगा का जलस्तर लगातार तेजी पकड़ते हुए इस साल तीसरी बार खतरे के निशान को पार कर गया है। बीते कई दशकों में ये पहली बार है, जब गंगा ने इतनी आंख मिचौली खेली है कि एक ही साल में तीसरी बार गंगा का जलस्तर घटने के बाद बढ़ा और खतरे को निशान को पार कर गया हो। इस बढ़ाव के साथ ही सहयोगी नदियों में शुमार गोमती नदी ने एक बार फिर से खानपुर क्षेत्र के तेतारपुर गांव का जमीनी संपर्क जिले से काटकर गांव को अपनी जद में ले लिया है। बुधवार की सुबह 8 बजे गाजीपुर में गंगा का जलस्तर 63.110 मीटर दर्ज किया गया। पानी की रफ्तार इतनी तेज है कि यह हर घंटे करीब चार सेंटीमीटर की गति से बढ़ रहा है। तेजी से बढ़ते गंगा के पानी ने सहायक नदियों का स्तर भी ऊपर चढ़ा दिया है। इसका सीधा असर निचले इलाकों पर दिख रहा है। सैदपुर, करंडा, जमानियां, सदर, मुहम्मदाबाद, रेवतीपुर और भांवरकोल आदि क्षेत्र के गांवों में गंगा का पानी तेजी से फैलने लगा है। खेत, रास्ते और घर पानी में डूबने की कगार पर हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। वहीं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चौकसी बढ़ा दी गई है और राहत-बचाव दलों को सतर्क कर दिया गया है
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments