🔘 श्रीराम के आदर्शों से आलोकित होगा शिक्षा का वातावरण
अयोध्या। अयोध्या की पावन धरा पर स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय आज एक नए संकल्प और नई ऊर्जा का साक्षी बना। कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा आचार्य नरेंद्र देव एवं कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज के कुलपति रहे प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह को अवध विश्वविद्यालय का पूर्णकालिक कुलपति नियुक्त किया गया।
पूर्व में भी 8 मई 2025 से कार्यवाहक कुलपति के रूप में अपनी दक्षता और दूरदृष्टि का परिचय दे चुके डॉ. सिंह ने आज अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। स्वागत में पुष्पहार, उमंग और आत्मीयता का अद्भुत संगम देखने को मिला, कुलसचिव विनय कुमार सिंह, वित्त अधिकारी पूर्णेंद्र शुक्ल, कुलानुशासक, संकाय अध्यक्ष, अधिकारी व कर्मचारी सभी ने उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया। अपने प्रथम संबोधन में कुलपति डॉ. सिंह ने आभार और संकल्प के स्वर में कहा अवध विश्वविद्यालय मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर स्थित है, अतः यहां का शैक्षिक वातावरण उन्हीं के आदर्शों के अनुरूप सृजित होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्र हित सर्वोपरि रहेगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी, शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ समान व्यवहार की नीति अपनाई जाएगी, और सभी के सामूहिक प्रयासों से विश्वविद्यालय को उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के शिखर पर स्थापित किया जाएगा। शिक्षा के इस मंदिर में आज का दिन केवल प्रशासनिक बदलाव का नहीं, बल्कि नई दिशा, नए दृष्टिकोण और नए युगारंभ का प्रतीक बन गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments