औड़िहार जीआरपी के ऑपरेशन मुस्कान से परिवार के चेहरे पर आई मुस्कान, औड़िहार जंक्शन पर मिली किशोरी परिजनों से मिली
सैदपुर औड़िहार जीआरपी द्वारा चलाये जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के चलते एक परिवार के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आयी है। जीआरपी के जवानों की तत्परता के चलते अपने परिवार से बिछड़ गयी नाबालिग फिर से अपने परिजनों से मिल सकी है। मंगलवार को जीआरपी चौकी प्रभारी अभिषेक पांडेय को सूचना मिली कि औड़िहार रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म 1 पर एक 16 वर्ष की किशोरी लावारिस हाल में मौजूद है। जिसके बाद वो हेकां व कांस्टेबल प्रिया सिंह को लेकर वहां पहुंचे और किशोरी से आवश्यक पूछताछ की लेकिन किशोरी अपने परिजनों का नंबर नहीं बता सकी। उसने अपना नाम नेहा यादव पुत्री चंद्रशेखर यादव निवासिनी बड़ी बिसहर, थाना पकड़ी, बलिया बताया। उसने बताया कि वो अपने परिजनों से बिछड़कर यहां चली आई थी। इसके बाद फौरन चाइल्ड लाइन प्रभारी अंशु राय को सूचना दी गई। इसके बाद चौकी प्रभारी ने किसी तरह से किशोरी के गांव के समाजसेवी हरिकिशुन राम के माध्यम से उसके परिजनों को सूचना भेजी। किशोरी को सकुशल जानकर उसकी मां लालसा देवी, भाई अंकित आदि तत्काल मौके पर आए और किशोरी को देखकर रो पड़े। वहीं किशोरी भी परिजनों को देखकर रो पड़ी। इसके बाद कागजी कार्यवाही पूरी कर मंगलवार की दोपहर 12 बजे किशोरी को उसके परिजनों को सकुशल सौंप दिया। जिसके बाद परिजनों ने जीआरपी का आभार जताया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments