Breaking

बुधवार, 20 अगस्त 2025

गाजीपुर डीएम ने की जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक

डीएम ने की जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक, कार्यों में लापरवाही पर गोड़उर के बीपीएम व 2 सीएचसी के बीएएम का रोका वेतन

गाजीपुर जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने गोड़उर सीएचसी के बीपीएम व भदौरा व गोड़उर सीएचसी के बीएएम के कार्य में लापरवाही पाए जाने पर उनका वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया। इसके बाद सभी एमओवाईसी को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों के मरीजों की जानकारी अवश्य रखें। सभी को निर्देश देकर कहा कि किसी भी प्रकार का भुगतान पेंडिंग न रहे, ऐसे में तत्काल भुगतान करें। कहा कि टीबी मरीजो को सरकारी दवा ही दी जाए, किसी को बाहरी दवा न लेना पड़े। साथ ही उन्हें जांच कराने के लिए जागरूक करें। संबंधित को निर्देशित किया कि आशा का भुगतान समय से किया जाए, साथ ही सभी एमओवाईसी तहसीलों पर बीएचएनडी की बैठक करते रहें। डीएम ने कहा कि हेल्थ वेलनेस सेन्टरों पर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनी रहे और ओपीडी का संचालन तथा नियमित रूप से सीएचओ व एएनएम की उपस्थिति रहे। इसके बाद संबंधित चिकित्सा अधीक्षकों को हेल्थ वेलनेस सेन्टरों की क्रियाशीलता बराबर चेक करते रहने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान उन्होंने जननी सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के संस्थागत प्रसव के संबंध में जानकारी लेते हुए कार्यक्रम के तहत महिलाओं को निःशुल्क भोजन तथा दवा एवं ड्राप बैक की सुविधा के साथ 48 घण्टे तक रोके जाने के निर्देश दिए। डीएम ने ओपीडी एवं आईपीडी की समीक्षा, एफआरयू, आरबीएसके कार्यक्रम, दृष्टिहीनता निवारण, एम्बुलेंस सेवाएं, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण, ई-कवच, आभा आईडी प्रगति, जननी सुरक्षा योजना व उसके भुगतान, मातृत्व मृत्यु दर की समीक्षा, परिवार कल्याण कार्यक्रम, टीकाकरण, क्षय रोग नियंत्रण, कुष्ठ उन्मूलन, प्रधानमंत्री आयुष्मान कार्ड, जन्म-मृत्यु पंजीयन सहित अन्य बिन्दुओं पर विस्तृत समीक्षा की। कहा कि जो भी शासन की योजनाएं संचालित हैं, उनका शत-प्रतिशत क्रियान्वयन हो, कोई भी पात्र योजना से वंचित न रहे। इस मौके पर सीडीओ संतोष कुमार वैश्य, सीएमओ डॉ. सुनील पाण्डेय, एसीएमओ एनएचएम आदि रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments