Breaking

शनिवार, 23 अगस्त 2025

बड़े व्यवसायी की हत्या का प्लान बना रहे 6 अंतर्राज्यीय सुपारी किलर्स को पुलिस ने हॉफ एनकाउंटर में दबोचा

बड़े व्यवसायी की हत्या का प्लान बना रहे 6 अंतर्राज्यीय सुपारी किलर्स को पुलिस ने हॉफ एनकाउंटर में दबोचा, काफी देर तक गोलियों से तड़तड़ाता रहा क्षेत्र

गहमर जमानियां व गहमर पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने एक व्यापारी की हत्या का प्लान बना रहे आधा दर्जन सुपारी किलर को हॉफ एनकाउंटर करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। बीती रात गहमर का शेरपुर मोड़ पुलिस व बदमाशों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ के चलते गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा। रुक-रुककर देर रात तक चले इस जबरदस्त एनकाउंटर में पुलिस की गोली से गिरोह का सरगना अमन कुमार राम घायल हो गया। जबकि उसके 5 अन्य कुख्यात साथी बदमाशों को भी टीम ने धर दबोचा। हालांकि घने अंधेरे का लाभ उठाकर एक बदमाश मौके से भागने में सफल रहा। मुखबिरों की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शेरपुर मोड़ स्थित एक विद्यालय के पास हथियारों से लैस अपराधियों को घेर लिया और उनसे पूछताछ करने का प्रयास किया। खुद को चारों ओर से पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम को लक्ष्य कर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग शुरू की तो कुछ ही देर में गिरोह के सरगना अमन कुमार राम पुत्र मखंचम राम निवासी विश्रामपुर, करंडा के पैर में गोली लगी और घायल होकर गिर पड़ा। सिर पर नाच रही मौत से सकपकाए उसके अन्य साथी बदमाशों ने पुलिस के सामने हथियार डाल दिए। लेकिन एक बदमाश फरार हो गया। जिसके बाद सभी को थाने लाया गया, वहीं घायल को अस्पताल ले जाया गया। पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम विशाल कुमार पुत्र अर्जुन राम निवासी सुजानीपुर शादियाबाद, उज्ज्वल तिवारी पुत्र विजय शंकर तिवारी निवासी दशवंतपुर नगसर हाल्ट, सुजीत यादव पुत्र सियाराम यादव निवासी खुदरा पथरा गहमर, गोलू उर्फ गौरव पुत्र रामचन्दर राम निवासी बरहपुर, नंदगंज व टिंकू कुमार पुत्र राजकुमार निवासी कंचनपुर फुल्ली, दिलदारनगर बताया। सख्ती से पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि उन्होंने मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी एक बड़े व्यवसायी के हत्या की सुपारी ले रखी थी। ऐसे में हम सभी उसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। लेकिन इसके पूर्व ही गिरफ्तार हो गए। पकड़े गए बदमाशों के पास से अवैध देशी तमंचा सहित बाइक, लैपटॉप, मोबाइल आदि बरामद हुए। जिसके बाद सभी को जेल भेज दिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments