बूढ़ेनाथ महादेव घाट पर ‘बाढ़’ में ध्वस्त हुआ मकान, 4 लोगों के दबने पर टीम ने किया रेस्क्यू, लोगों ने की सराहना
गाज़ीपुर सैदपुर उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देश पर संभावित बाढ़ से प्रभावित होने वाले इलाके में आपदा राहत प्रबंधन के क्रम में नगर के बूढ़ेनाथ महादेव घाट पर मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। जिसमें बाढ़ के दौरान बाढ़ पीड़ितों के बचाव में जो भी उपक्रम किये जायेंगे, उनका रिहर्सल किया गया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड के निर्देशन में हुए मॉकड्रिल में बाढ़ से बचाव के लिए तैयारियों को देखा गया। इस दौरान कार्यक्रम में राजस्व से लगायत चिकित्सा, विद्युत, पशुपालन, नगर पंचायत, पंचायती राज, बाल विकास व पुष्टाहार, आपदा मित्रों आदि कर्मियों ने प्रतिभाग किया। मॉकड्रिल के दौरान बाढ़ में मकान समा जाने की स्थिति में अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। उन्हें रेस्क्यू किये जाने वाले संसाधन विभागों द्वारा उपलब्ध कराये गए। इसके पूर्व सबसे पहले घाट किनारे अस्थाई रूप से बनाए गए मकान क़ो बाढ़ में गिराया गया। जिसके चलते उसके नीचे चार लोगों को दबा हुआ दिखाया गया। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेश करते हुए उन्हें तत्काल बाहर निकालकर स्ट्रेचर से एम्बुलेंस में लाया गया और एम्बुलेंस में प्राथमिक उपचार करके दिखाया गया। वहां से उसे राहत शिविर में लाया गया। जहाँ उपचार कर उसे रेफर किया गया। मॉकड्रिल में इसके अलावा आग लगने पर अग्निश्मन की टीम पहुंची और आग बुझाकर दिखाया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बाढ़ के दौरान पीड़ितों में दवा बांटकर उनका उपचार करके दिखाया। बिजली विभाग की टीम ने आपात स्थिति में सूचनाओं पर त्वरित काम करके दिखाया। वहीं लोगों में खाद्य सामग्री का वितरण करके भी संबंधित विभाग ने दिखाया। इस दौरान आधुनिक बचाव उपकरणों और तकनीकियों का भी प्रदर्शन किया गया, जिससे टीम को वास्तविक आपदा के समय इन उपकरणों का सही और प्रभावी उपयोग करने का अनुभव प्राप्त हो सके। मॉकड्रिल के दौरान स्थानीय प्रशासन और नागरिकों को भी शामिल किया गया था। ताकि उन्हें आपदा के समय सही कदम उठाने और एसडीआरएफ की सहायता करने की जानकारी मिल सके। मॉकड्रिल के दौरान लोगों को बाढ़ से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी और प्रशिक्षण भी दिया गया। इस दौरान गुरूवार की दोपहर 12 बजे तक विभिन्न विभागों के लगभग 100 कर्मचारी घाट पर मौजूद रहे। इस मौके पर तहसीलदार हिमांशु सिंह, नायब तहसीलदार विश्राम यादव, कोतवाल योगेंद्र सिंह, डॉ केडी उपाध्याय, लेखपाल सूरज, बृजमोहन, राजाराम आदि रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments