Breaking

बुधवार, 11 सितंबर 2024

पुलिस की अब तक सबसे बड़ी सफलता, करीब 6 करोड़ रूपए के गांजा से भरा कंटेनर पकड़ा, दो सगे भाई अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

भांवरकोल। स्थानीय पुलिस व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 6 करोड़ रूपए कीमत के 640 किलोग्राम अवैध गांजा से भरे हुए कंटेनर को पकड़ने के साथ ही दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों तस्कर आपस में सगे भाई हैं। भांवरकोल थानाक्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर सूचना के आधार पर पुलिस चेकिंग में जुटी थी। इस बीच एक कंटेनर उधर से गुजरा। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो चालक ने स्पीड बढ़ा दी। जिसके बाद पुलिस ने दौड़ाकर उसे धर दबोचा। उसमें से दो युवक मिले और कंटेनर में से करीब 6 करोड़ रूपए कीमत का करीब 640 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। कंटेनर पर लगा हुआ नंबर प्लेट भी फर्जी निकला। पकड़े गए दोनों तस्कर आपस में सगे भाई निकले। उन्होंने अपना नाम विष्णु पाठक व रविशंकर पाठक पुत्र दीनानाथ पाठक निवासी वीरसिंहपुर राजातालाब वाराणसी बताया। सख्ती से पूछताछ में दोनों तस्करों ने बताया कि वो असम के तेजपुर से गांजा लाकर तस्करी करते हैं। इसके पूर्व में भी वो कई बार ऐसा कर चुके हैं। इस समय वो गांजा की इस खेप को लेकर सुल्तानपुर जा रहे थे लेकिन इसके पूर्व में ही गिरफ्तार हो गए। पुलिस उनके पूरे गिरोह की तफ्तीश कर रही है। बहरहाल, पुलिस को संभवतः जिले में गांजे की ये अब तक की सबसे बड़ी खेप बरामद हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments