Breaking

शुक्रवार, 23 जून 2023

प्रयागराज / ई-रिक्शा पलटा, फ़ौजी की बेटी की मौत

प्रयागराज नैनी कोतवाली क्षेत्र के मलहरा ओवर ब्रिज के समीप आशा नर्सिंग होम के सामने गुरुवार की देर शाम एक बैटरी रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें एक फौजी की तीन साल की बेटी की मौत हो गई। फौजी अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ नैनी स्टेशन पर सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ने जा रहा था। परिजनों ने घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक हंगामा किया।प्रयागराज से गंगानगर अंतर्गत सराय थाना क्षेत्र के लीलापुर गांव निवासी सत्यदेव दुबे भारतीय सेना में पोस्टेड हैं। उनकी पोस्टिंग इस समय आंध्र प्रदेश में थी। वह छुट्टी पर घर आए थे। बृहस्पतिवार की शाम को वह अपनी पत्नी, 6 साल के बेटे और 3 साल की बेटी आराध्या उर्फ शिवी के साथ ई रिक्शा से नैनी रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकले थे। 7:30 बजे के करीब वह ई रिक्शा से नैनी रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे थे।नैनी रेलवे स्टेशन से पुणे सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन पकड़नी थी। मलहरा रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे से स्टेशन जाने वाली रोड पर वह जा रहे थे। प्रयागपुरम मोड़ के पास सड़क पर गड्ढा था। अचानक से ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। जिस वक्त ई रिक्शा पलटा, उस वक्त आराध्या ई रिक्शा के अंदर मां के सामने खड़ी हुई थी। ई-रिक्शा पलटते ही वह दब गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।पास के लोगों ने देखा तो दौड़कर ई-रिक्शा सीधा किया। सभी को बाहर निकाला। अन्य लोगों को तो मामूली चोटें आई, लेकिन आराध्या गंभीर रूप से घायल थी। जब तक उसे अस्पताल ले जाया जाता, उसकी मौत हो चुकी थी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments