● डीएम ने की शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा, दिए निर्देश।
लखीमपुर खीरी 16 जनवरी। सोमवार शाम जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने कलेक्ट्रेट में शासन की प्राथमिकता वाले 37 प्रारूपो की बृहद समीक्षा की एवं संबंधित को जरूरी निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी टीम भावना से काम करते हुए विकास कार्यक्रमों को आगे बढ़ाएं। विकास कार्यक्रमों का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित हो। डीएम ने 50 लाख की लागत से ऊपर के विकास कार्यों की बृहद समीक्षा की, डीएसटीओ को निर्देश दिए कि 50 लाख से ऊपर की परियोजनाओं में गठित कमेटी निर्माणाधीन कामों का विजिट कर सत्यापन करते हुए गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित कराए, अद्यतन रिपोर्ट डीएसटीओ के माध्यम से उन्हें और सीडीओ को अवगत कराए। संबंधित विभाग के अधिकारी कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का स्वयं भी समय -समय पर अनुश्रवण कराना सुनिश्चित करें। निर्देश दिए कि विकास कार्यो को नियत समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए।
डीएम ने विभिन्न सरकारी पेंशन योजनाओ के आधार प्रमाणीकरण की समीक्षा की। निराश्रित महिला पेंशन की आधार सीडिंग की प्रगति के संबंध में डीपीओ संजय निगम ने बताया कि अब तक 66 फीसदी आधार सीडिंग हो चुकी है, शेष कार्य प्रगति पर है। डीएम ने निर्देश दिए कि वृद्धावस्था, निराश्रित महिला एवं दिव्यांग पेंशन में आधार सीडिंग की प्रगति बढ़ाएं, ताकि पेंशन के अंतरण में कोई असुविधा ना हो। डीएम ने 23 निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों की प्रगति जानी, जिसपर डीपीओ बताया कि एक को छोड़कर सभी हैंडओवर होने की प्रक्रिया में है। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं, ताकि पात्र व्यक्ति योजनाओं से जुड़कर भविष्य को संवारे।
बैठक में सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने पीएम आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मनरेगा, पीएम ग्राम सड़क योजना, सामुदायिक शौचालय, पंचायत घर, ग्राम निधि भुगतान, सीएम कन्या सुमंगला योजना उप्र मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, सीएम नारी सम्मान योजना, ऑपरेशन कायाकल्प सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की एवं संबंधित को जरूरी निर्देश दिए।
विकास कार्यों में धीमी प्रगति पर डीएम खफा, तलब किया स्पष्टीकरण :
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने विकास कार्य की समीक्षा के दौरान पाया कि तीन कार्यदायी संस्थाओं से चार कार्य में पर्याप्त धनराशि उपलब्ध होने पर भी कार्य पूर्ण करने की निर्धारित तिथि व्यतीत हो जाने के बाद भी कार्य अपूर्ण होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया।
डीएम ने आदर्शनगर योजना के तहत नपं मैलानी में आडीटोरियम, बैंकट हाल निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था सीएण्डडीएस यूनिट-53, पीएचसी-राजापुर बैनी, मोहम्मदी का निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था यूपी-आरएनएसएस, इकाई-खीरी, पलिया ब्लाक में अनुसूचित जनजाति के 100 छात्राओं की क्षमता के राजकीय जनजाति छात्रावास का निर्माण व डायट में ट्रैनिंग हाल, आडीटोरियम का निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल यूनिट-14 से पर्याप्त धनराशि उपलब्ध होने, कार्य पूर्ण करने की निर्धारित तिथि व्यतीत हो जाने के बाद भी कार्य अपूर्ण होने पर स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments