● कार्यक्रम में पुलिस की गैरमौजूदगी सभी को अखरती रही।
● सड़क किनारे मौजूद दुकानदारों ने भी नियम पालन की शपथ ली।
● " खंड विकास अधिकारी ने दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाने की अपील भी की।
बांकेगंज खीरी। सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों में कमी लाने के लिए शासन की मंशा अनुरूप जिलाधिकारी द्वारा जारी निर्देश के अनुपालन में सुभाष चंद्र बोस जयंती के अवसर पर विकासखंड बांकेगंज मुख्यालय के सामने सड़क पर मानव श्रृंखला एवं सड़क सुरक्षा शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया किया गया। क्षेत्र के विद्यालयों से पहुंचे हजारों बच्चों ने सड़क के दोनों ओर मानव श्रृंखला बनाई। मौजूद लोगों को विकासखंड अधिकारी ने सड़क सुरक्षा के नियमों के पालन की शपथ दिलाई। दुकानदारों ने भी ली नियम पालन की शपथ।
मानव श्रंखला एवं सड़क सुरक्षा शपथ कार्यक्रम के आयोजन के लिए विकासखंड, शिक्षा विभाग के सभी अधिकारी व कर्मचारी ब्लॉक मुख्यालय पर सुबह से ही एकत्र होने लगे क्षेत्र के विनायक इंटर कॉलेज, जानकी देवी इंटर कॉलेज और परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक भी अपने छात्र छात्राओं के साथ ब्लॉक मुख्यालय पर 10:30 बजे तक एकत्र हो गए थे। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने वाले स्लोगन से लिखी हुई तख्तियां लेकर छात्र-छात्राएं सड़क के दोनों ओर खड़े हो गए। बच्चों को मुख्यालय के सामने एकत्र होते देख स्थानीय लोग भी दुकानों पर आकर खड़े हो गए। विकास खंड अधिकारी शिखर श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी राकेश ने सबसे पहले सड़क सुरक्षा के प्रति बच्चों और मौजूद शिक्षकों को जागरूक किया। उसके बाद उपस्थित लोगों को यातायात नियमों के पालन करने की शपथ दिलाई गई। शपथ के दौरान स्थानीय दुकानदारों से भी शपथ लेने की बात जब खंड विकास अधिकारी ने कही तो उन पर भी इसका प्रभाव पड़ा और वह भी शपथ दोहराने लगे।
सड़क सुरक्षा के नियमों का कड़ाई से पालन कराने वाले पुलिस विभाग की गैरमौजूदगी सभी को अखरती रही। इसका कारण शपथ में शामिल सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को मदद हेतु सदैव तत्पर रहने की शपथ थी। मौजूद लोग यही चर्चा कर रहे थे कि पुलिस की कार्यप्रणाली के कारण ही आज एक व्यक्ति दूसरे घायल व्यक्ति की मदद करने से यह कहकर बचना चाहता है कि पुलिस के पचड़े में कौन पड़े। जब मौजूद पत्रकारों ने विकास खंड अधिकारी से पुलिस की गैरमौजूदगी का कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि पुलिस के पास जिला स्तर से ही सूचना भेजी गई थी उनको यहां मौजूद होना चाहिए था। जब चौकी इंचार्ज संजीव कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि मुझे इसकी जानकारी नहीं दी गई थी अगर जानकारी दी गई होती तो मैं जरूर उपस्थित होता।
◆ धर्मवीर गुप्ता
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments