Breaking

गुरुवार, 6 अक्टूबर 2022

लखीमपुर/ गोला गोकर्णनाथ विस उपचुनाव को लेकर विशेष तैयारी बैठक सम्पन्न

लखीमपुर, 5 अक्टूबर। गोला गोकर्णनाथ विधानसभा उपचुनाव को लेकर लखीमपुर खीरी जिले के सम्बंधित अधिकारियों ने जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ तैयारी बैठक कर निष्पक्ष व निर्विध्न चुनाव सम्पन्न कराने के लिए अपेक्षित सहयोग मांगा।
उल्लेखनीय है कि विगत दिनों स्मृतिशेष भाजपा विधायक अरविंद गिरी का ह्रदयाघात होने से निधन हो गया था। वो इस सीट पर 5 बार विधायक रहे हैं। उनके निधन के बाद यह सीट रिक्त हो गयी थी, जिस पर 3 नवम्बर को मतदान होना है। कलेक्ट्रेट सभागार में गोला वि.स. उपचुनाव को लेकर को लेकर चली इस तैयारी बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से सकुशल, निष्पक्ष व निर्विध्न चुनाव सम्पन्न कराने हेतु अपेक्षित सहयोग की मांग करते हुए कहा कि उपनिर्वाचन में भारत निर्वाचन आयोग के सभी दिशा निर्देशों व अचार संहिता का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। विधानसभा 139 गोला गोकर्णनाथ उपचुनाव की अधिसूचना आगामी 7 अक्टूबर को जारी की जाएगी। नामांकन की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर, नामांकन की जांच 15 अक्टूबर व नाम वापसी की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर है।इस विधानसभा सीट के उपचुनाव में मतदान तिथि 3 नवम्बर व मतगणना 6 नवम्बर को होगी। उन्होंने बताया कि इस उपचुनाव में अभ्यर्थियों के नाम निर्देशों की जांच, नाम वापसी, प्रतीक आबंटन का कार्य रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा सम्बंधित कार्यालय पर किया जाएगा। उपचुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर उपजिलाधिकारी अनुराग सिंह हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से सम्बंधित जानकारी रिटर्निंग अधिकारी, एसडीओ, सीडीओ से की जा सकती है। इस दौरान सीडीओ अनिल कुमार सिंह, एडीएम संजय सिंह ने निर्वाचन सम्बन्धी विधिक नियमों पर प्रकाश डाला।
बैठक के उपरांत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अफसरों की मौजूदगी में भारत निर्वाचन आयोग से नामित भारत इलेक्ट्रॉनिक लिमिटेड के इंजीनियर की देखरेख में चल रही इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की फर्स्ट लेवल चेकिंग का अवलोकन भी किया। 
बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय व राज्य स्तर के राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सीडीओ अनिल कुमार सिंह, डिप्टी डीईओ/एडीएम संजय कुमार सिंह, एसपी अरुण सिंह, रिटर्निंग अधिकारी/एसडीएम गोला अनुराग सिंह, सहायक रिटर्निंग अधिकारी बिनोद कुमार गुप्ता, प्रदीप कुमार चौधरी, एडीआईओ नरेंद्र कुमार सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments