Breaking

रविवार, 11 अक्टूबर 2026

Lmp. हॉकी के मैदान में लखीमपुर की नई उड़ान, तीन सितारों का हुआ मंडलीय टीम में चयन

⚫ हॉकी के मैदान में लखीमपुर की नई उड़ान, तीन सितारों का हुआ मंडलीय टीम में चयन

⚫ सीमित संसाधनों में साधना, संघर्ष और समर्पण की मिसाल बनी गुरुनानक स्पोर्ट्स एकेडमी, अब इटावा में चमकेगी प्रतिभा की उम्मीद

लखीमपुर-खीरी। सपनों को उड़ान भरने के लिए संसाधनों की नहीं, मजबूत हौसलों और निरंतर साधना की जरूरत होती है।

                       चयनित आदर्श वर्मा 

 इसी विश्वास को साकार करते हुए गुरुनानक स्पोर्ट्स एकेडमी के तीन होनहार हॉकी खिलाड़ी आदर्श वर्मा, कृष्णा वर्मा और आयुष ने जनपद का गौरव बढ़ाया है।

                               कृष्णा वर्मा 
 तीनों का चयन सब-जूनियर स्टेट हॉकी प्रतियोगिता के लिए लखनऊ मंडल की टीम में हुआ है। 12 से 17 अक्टूबर तक इटावा में आयोजित प्रतियोगिता में अब ये खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, परिश्रम और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

एकेडमी की सचिव एवं संस्थापक तृप्ति अवस्थी ने इस उपलब्धि को बच्चों की मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षकों के समर्पण का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि एकेडमी सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों को निःशुल्क हॉकी प्रशिक्षण और खेल सामग्री उपलब्ध कराकर उनके सपनों को संवारने में जुटी है। एकेडमी अध्यक्ष सुरेन्द्र तोलानी और तृप्ति अवस्थी ने तीनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सुरेन्द्र तोलानी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विश्वास जताया कि उनकी मेहनत जनपद को नई पहचान दिलाएगी। कोच हिमांशु पाल और राजेश चौधरी के नियमित प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन ने भी इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 

                              चयनित आयुष 
एकेडमी के संरक्षक सेवक सिंह अजमानी के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए तृप्ति अवस्थी ने नगरवासियों से भी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की अपील की। गुरुनानक स्पोर्ट्स एकेडमी का लक्ष्य बच्चों को मैदान में दक्ष बनाने के साथ उन्हें प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। 

तीनों खिलाड़ियों का चयन इसी संकल्प की सार्थक अभिव्यक्ति है। अब उम्मीदों की हॉकी थामे ये युवा खिलाड़ी इटावा में अपनी चमक बिखेरने और लखीमपुर का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments