Breaking

शनिवार, 3 अक्टूबर 2026

गोला गोकर्णनाथ/ सेवा, नेतृत्व और सामाजिक सरोकारों को मिला ‘जनजागरण अधिरथ सम्मान’

🔘 सेवा, नेतृत्व और सामाजिक सरोकारों को मिला ‘जनजागरण अधिरथ सम्मान’

गोला। सेवा की राह पर बढ़ते कदम जब समाज के लिए मिसाल बनते हैं, तो सम्मान केवल किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि उसके समर्पण, संवेदनशीलता और कर्मठता का होता है। दैनिक जनजागरण न्यूज डिजिटल के पंचम स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में नगर पालिका परिषद गोला में आयोजित सम्मान समारोह इसी भावनात्मक अनुभूति का साक्षी बना। समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू एवं पत्रकार महेश पटवारी को उनके उल्लेखनीय सामाजिक योगदान और सेवाओं के लिए ‘जनजागरण अधिरथ सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू को उनके प्रशासनिक प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता एवं मानवीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वहीं सामाजिक सरोकारों से निरंतर जुड़े पत्रकार महेश पटवारी, जो गोला के प्रसिद्ध डाक टिकट संग्रहकर्ता के रूप में भी अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं, को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं एवं सामाजिक योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर विजय शुक्ला रिंकू ने दैनिक जनजागरण न्यूज डिजिटल द्वारा संचार, जनजागरण और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की तथा सफलतापूर्वक चार वर्ष पूर्ण कर पंचम स्थापना दिवस में प्रवेश करने पर शुभकामनाएं प्रेषित कीं। 

पत्रकार महेश पटवारी ने भी दैनिक जनजागरण न्यूज डिजिटल की जनहितकारी पत्रकारिता और सामाजिक चेतना के प्रयासों की सराहना करते हुए चैनल के उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर प्रगति की कामना की। 

सम्मान समारोह ने यह संदेश भी दिया कि समाज को दिशा देने वाले शब्द और समाज के लिए समर्पित कर्म दोनों मिलकर जनजागरण की ऐसी लौ प्रज्वलित करते हैं, जिसकी रोशनी दूर तक जाती है। इस अवसर पर समाजसेवी आर्येंद्र पाल सिंह, जनजागरण संस्थापक अनिल कुमार श्रीवास्तव, पत्रकार सर्वेश कुमार शुक्ला, भाजपा जिला मंत्री उमेश शुक्ला सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments